हल्द्वानी: गूगल बाबा से संभल कर पूछे सवाल, इंटरनेट पर बिछा है जालसाजों का जाल
हल्द्वानी, अमृत विचार। गूगल बाबा के पास हर सवाल का जवाब है, लेकिन जवाब सही है या गलत ये आपको ही तय करना है। अगर गलत जवाब पर क्लिक किया तो समझ लीजिए कि जीवन भर की गाढ़ी कमाई पलक झपकते साफ हो सकती है। ताजा मामले में भी ऐसा ही हुआ है और औसतन …
हल्द्वानी, अमृत विचार। गूगल बाबा के पास हर सवाल का जवाब है, लेकिन जवाब सही है या गलत ये आपको ही तय करना है। अगर गलत जवाब पर क्लिक किया तो समझ लीजिए कि जीवन भर की गाढ़ी कमाई पलक झपकते साफ हो सकती है। ताजा मामले में भी ऐसा ही हुआ है और औसतन हर माह पुलिस के पास ऐसे पांच मामले पहुंच रहे हैं।
इसलिए साइबर क्राइम का शिकार हों तो बिना समय गंवाए सबसे पहले 1930 पर फोन करें। इसके अलावा आप 8171200003 पर या टोल फ्री नंबर 155260 पर भी शिकायत कर सकते हैं।
ताजा मामले में केशवपुरम छड़ायल सुयाल निवासी रामेश्वर प्रसाद आर्या के इंस्टाग्राम आईडी पर एप्पल कंपनी का आई फोन 13 प्रो का विज्ञापन प्रदर्शित हो रहा था। जिस पर एक मोबाइल नंबर लिखा था। उक्त नंबर पर काल किया गया तो दीपक मालवीय से बात हुई, जिसने खुद को एमोजोन कम्पनी का प्रतिनिधि बताया और फोन की कीमत 55,850 रुपए बताई। बुकिंग पर तीन दिन में डिलीवरी की बात कही। जालसाज के कहने पर रामेश्वर ने पैसे भेज कर मोबाइल बुक कर लिया। तीन दिन बीत गए, लेकिन मोबाइल की डिलीवरी नहीं हुई। रामेश्वर ने जब दोबारा उक्त नंबर पर कॉल किया तो पता लगा कि उनका नंबर ब्लॉक कर दिया गया है। इस मामले में डीआईजी से शिकायत के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे बचें ठगी से और यहां करें शिकायत
पुलिस ने जनता से अपील की है कि अज्ञात व्यक्ति के कॉल और मेसेज से सावधान रहें। अपना पासवर्ड, ओटीपी, सीवीवी शेयर ना करें। अंजान लिंक, ऑनलाइन जॉब ऑफर के लिंक पर क्लिक ना करें और क्यूआर कोड कभी भी स्कैन ना करें। अज्ञात की वीडियो कॉल को एक्सेप्ट न करें। यदि वीडियो कॉल कर आपको ब्लैक मेल किया जा रहा है तो तुरंत साइबर क्राइम सेल से संपर्क करें। साइबर सेल के मोबाइल नंबर 8171200003 पर या टोल फ्री नंबर 155260 पर सूचना दें सकते हैं।
