नैनीताल: सरोवर नगरी में गोल्फ टूरिज्म की बेहतर संभावनाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। सरोवर नगरी में गोल्फ एवं गोल्फ टूरिज्म की बेहतर संभावनाएं हैं। इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी आवश्यक है। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने गोल्फ को लोकप्रिय बनाने और मेंबरशिप बढ़ाने के लिये मेंबरशिप फीस में भारी कटौती की है। राज्यपाल का कहना है कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए अब …

नैनीताल, अमृत विचार। सरोवर नगरी में गोल्फ एवं गोल्फ टूरिज्म की बेहतर संभावनाएं हैं। इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी आवश्यक है। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने गोल्फ को लोकप्रिय बनाने और मेंबरशिप बढ़ाने के लिये मेंबरशिप फीस में भारी कटौती की है। राज्यपाल का कहना है कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए अब ‘बेस्ट वुमन प्लेयर टूर्नामेंट’ भी आयोजित होगा। उन्होंने स्कूली बच्चों के लिए भी समय-समय पर गोल्फ प्रशिक्षण कैंप आयोजित कराये जाने का सुझाव दिया।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को राजभवन गोल्फ क्लब, नैनीताल की एक्जीक्यूटिव काउंसिल (कार्य परिषद) की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में तय हुआ कि 18वीं गवर्नर्स कप गोल्फ प्रतियोगिता 16 सितंबर से 18 सितंबर 2022 तक आयोजित होगी।

अब यह हुई गोल्फ क्लब मेंबरशिप फीस
– उत्तराखंड राज्य के निवासियों के लिए फीस 01 लाख से घटाकर 51 हजार रुपये हुई
– जूनियर खिलाड़ियों के लिए 25 हजार से घटाकर 12 हजार रुपये हुई
– संस्थागत मेंबरशिप 05 लाख से घटाकर 1.25 लाख रुपये की गई
– कॉरपोरेट मेंबरशिप 06 लाख से घटाकर 2.5 लाख रुपये हो गई अब
डे एंड प्ले फीस भी कम
गोल्फ कोर्स में लगने वाली ग्रीन फीस (डे एंड प्ले फीस) को महिलाओं के लिए 200 रुपये से घटाकर 150 रुपये और स्टूडेंट्स के लिए 200 रुपये से घटाकर 100 रुपये किया गया है। राज्यपाल के अनुसार, मेंबरशिप फीस घटाने का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को गोल्फ से जोड़ना है। वर्तमान में मेंबरशिप खुली है। इसके लिए ईमेल आईडी [email protected] पर आवेदन कर सकते हैं।

अदिती अशोक से लें प्रेरणा
राज्यपाल ने विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों को गोल्फ के प्रति आकर्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत की बेटी अदिती अशोक ने ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उनसे प्रेरणा लेकर राज्य की बेटियां गोल्फ में देश एवं प्रदेश का नाम ऊंचा कर सकती हैं, इसके लिए बेटियों को आगे लाने की जरूरत है।

कार्य सूची भी बनाएं
राज्यपाल ने प्रत्येक वर्ष टूर्नामेंट आरंभ होने से पूर्व प्रतियोगिताओं की जानकारी, प्रशिक्षण व प्रतियोगिताओं के उन्नयन हेतु किए जाने वाले कार्यों की सूची बनाने के निर्देश दिए। बैठक में गोल्फ क्लब के विभिन्न क्रिया-कलापों पर चर्चा की गयी। इस दौरान गोल्फ कैप्टन कर्नल एच.सी.साह ने राजभवन गोल्फ क्लब के द्वारा पूर्व में आयोजित की गई गतिविधियों, आय-व्ययक आदि की जानकारी रखी। बैठक में विधि परामर्शी अमित कुमार सिरोही, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, परिसहाय राज्यपाल रचिता जुयाल, तरुण कुमार, विशेष कार्याधिकारी बी.पी.नौटियाल, मुख्य सुरक्षा अधिकारी शिव कुमार आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार