काशीपुर: आढ़ती पर एक करोड़ 36 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
काशीपुर, अमृत विचार। एक व्यक्ति ने आढ़ती और उसके पुत्र व पुत्री के खिलाफ जमीन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी कर एक करोड़ 36 लाख रुपये हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करायी है। लक्ष्मीपुर पट्टी निवासी जाहिद हुसैन ने कोतवाली पुलिस …
काशीपुर, अमृत विचार। एक व्यक्ति ने आढ़ती और उसके पुत्र व पुत्री के खिलाफ जमीन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी कर एक करोड़ 36 लाख रुपये हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करायी है।
लक्ष्मीपुर पट्टी निवासी जाहिद हुसैन ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह खेतीबाड़ी के साथ जमीन खरीद फरोख्त का काम करता है। आरोप लगाया कि रामनगर रोड स्थित राम श्याम कॉलोनी हाल देवस्थली निवासी आढ़ती रघुनाथ अरोरा ने बीती एक फरवरी 2021 को ग्राम बांसखेड़ा कला स्थित जमीन बेचने का सौदा एक करोड़ 36 लाख रुपये में किया था। इस दौरान उसके द्वारा 5 लाख ब्याने के रूप में दिये गये थे।
कहा कि अब उसके द्वारा रघुनाथ अरोरा के कहने पर वाराणसी के चित्तूरपुर महमूरगंज दीप नगर कॉलोनी निवासी उनकी पुत्री मनी अरोरा के खाते में कुल 60 लाख रुपये भेजे जा चुके हैं। बाकि रकम रघुनाथ अरोरा और उनके पुत्र विराट अरोरा को नकद दी जा चुकी है। आरोप है कि उसके द्वारा एक करोड़ 36 लाख रुपये देने के बावजूद भी रघुनाथ अरोरा द्वारा बैनामा नहीं कराया गया। आरोप है कि जब उसके द्वारा जमीन की खतौनी निकलवाई गई तो पता चला कि उक्त जमीन मनी अरोरा के नाम पर दर्ज है। जबकि रघुनाथ अरोरा ने स्वयं को भूमि का मालिक बताया था।
कहा कि जब उसके द्वारा कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई तो रघुनाथ अरोरा व उसके पुत्र व पुत्री ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में कहा कि रघुनाथ अरोरा पर कानपुर व देहरादून में संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है। कहा कि रघुनाथ अरोरा, मनी अरोरा व विराट अरोरा कूट रचित दस्तावेज व गैंग बनाकर लोगों की रकम हड़पते हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
