रामपुर: नैनीताल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस जीप में मारी टक्कर
रामपुर, अमृत विचार। नैनीताल हाईवे में देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने रोड किनारे खड़ी पुलिस जीप में टक्कर मार दी। हादसे में जीप में सवार थानाध्यक्ष व एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मुरादाबाद स्थित कासमास अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत …
रामपुर, अमृत विचार। नैनीताल हाईवे में देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने रोड किनारे खड़ी पुलिस जीप में टक्कर मार दी। हादसे में जीप में सवार थानाध्यक्ष व एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मुरादाबाद स्थित कासमास अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से फरार होने में कामयाब हो गया।
बुधवार रात करीब एक बजे थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ नैनीताल हाईवे में गश्त कर रहे थे। थूनापुर गांव के पास हाईवे किनारे एक ट्रक के पलट जाने की सूचना पर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच कर पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना कर ही रहे थे। इसी दौरान अचानक पीछे की ओर से आ रहे एक ट्रक चालक ने रोड किनारे खड़ी पुलिस जीप में टक्कर मार दी।
जबरदस्त टक्कर में पुलिस जीप भी रोड किनारे खाई की ओर गिर गई। हादसे में थानाध्यक्ष राकेश कुमार व हमरा सिपाही आकाश पवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने थाना पुलिस को सूचना दी व दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवाया। हादसे में थानाध्यक्ष व पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना पर रात में ही पुलिस अधिकारी भी जिला चिकित्सालय पहुंच गये।
दोनों घायलों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मुरादाबाद रेफर कर दिया। घायल थानाध्यक्ष व सिपाही को मुरादाबाद स्थित कासमास अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मी की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपेार्ट दर्ज की गयी है।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: मिलक में दो बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत, दूसरा घायल
