मुरादाबाद : टीबी का मरीज लाओ, पांच सौ रुपये पाओ
मुरादाबाद, अमृत विचार। 2025 तक क्षय रोग को जड़ से खत्म करने की दिशा में सरकार ने नई पहल की है। अब आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथिक चिकित्सकों की मदद से टीबी रोगी खोजने का निर्णय लिया है। इनकी मदद से टीबी का मरीज मिलने पर इन्हें प्रोत्साहन के तौर पर पांच सौ रुपये दिए जाएंगे। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। 2025 तक क्षय रोग को जड़ से खत्म करने की दिशा में सरकार ने नई पहल की है। अब आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथिक चिकित्सकों की मदद से टीबी रोगी खोजने का निर्णय लिया है। इनकी मदद से टीबी का मरीज मिलने पर इन्हें प्रोत्साहन के तौर पर पांच सौ रुपये दिए जाएंगे।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एनके कुरैचया ने बताया कि आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथिक चिकित्सकों से संपर्क साधा जा रहा है। इनकी मदद से भी टीबी के रोगी खोजे जाएंगे। नई योजना में इन चिकित्सकों के पास टीबी के लक्षण वाला मरीज आता है तो उसे टीबी अस्पताल रेफर करना होगा। जहां मरीज की जांच की जाएगी। यदि इन निजी चिकित्सकों के भेजे गए मरीज में क्षय रोग की पुष्टि होती है तो इन्हें सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि के रूप में पांच सौ रुपये दिए जाएंगे। जिस मरीज में टीबी की पुष्टि होगी, उसकी सूचना इन चिकित्सकों को निक्षय पोर्टल पर भी दर्ज करानी होगी।
जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मोहम्मद जावेद का कहना है कि जिले में 4,763 क्षय रोगियों का इलाज विभाग कर रहा है। इन मरीजों को दवा देने के साथ इनकी मॉनिटरिंग भी की जाती है। जिससे किसी मरीज की दवा बीच में न छूटे। क्योंकि यह संक्रमण एक मरीज से दूसरे लोगों में फैलने की आशंका रहती है। उन्होंने बताया कि निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी के मरीजों के खाते में पोषणयुक्त आहार के लिए धनराशि भेजी जाती है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: दस जून को एक ही छत के नीचे गूंजेंगे शादी के मंत्र तो निकाहनामा भी पढ़ा जाएगा
