रुद्रपुर: धारदार हथियारों व तमंचे से किया जानलेवा हमला, लूट ले गये नगदी व जेवर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। रास्ते में युवक की घेराबंदी कर गोली चलाने और धारदार हथियार से हमला करने का एक मामला प्रकाश में आया है। साथ ही आरोपियों पर हजारों की नगदी समेत सोने की चेन लूटने का आरोप भी है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम …

रुद्रपुर, अमृत विचार। रास्ते में युवक की घेराबंदी कर गोली चलाने और धारदार हथियार से हमला करने का एक मामला प्रकाश में आया है। साथ ही आरोपियों पर हजारों की नगदी समेत सोने की चेन लूटने का आरोप भी है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम जाफरपुर निवासी गुरूसेवक सिंह ने कोर्ट में दिये प्रार्थना पत्र में कहा कि 4 मई 2022 को रात्रि करीब दस बजे वह अपने भाई गुरविन्द सिंह को 18हजार रूपये देने के लिए बिलासपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मलसा गिरधरपुर निकट कटरिया धर्मकांटा के पास पहुंचा तो वहां पर पीछा करते हुये संतोख सिंह निवासी प्रीत विहार कॉलोनी, फाजलपुर महरौला, सरवन सिंह निवासी गोकुलनगरी निकट रेलवे फाटक बिलासपुर, कुलदीप सिंह निवासी ग्राम दुरई पोस्ट कौशलगंज बिलासपुर, हरपाल सिंह निवासी प्रीत विहार कॉलोनी फाजलपुर महरौला और गुरजीत सिंह निवासी ग्रीन पार्क डिबडिबा बिलासपुर, यूपी व दो अन्य अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया और घसीटते हुये सड़क किनारे ले गये। जहां सरवन सिंह ने तमंचे से उस पर गोली चला दी। गोली उसे छूते हुए निकल गई।

जिससे वह बाल बाल बच गया। इसके बाद कुलदीप सिंह व अन्य ने तलवार और धारदार हथियारों से उस पर हमला कर उसे लहुलूहान कर दिया। बताया कि इसी बीच गुरबाज सिंह निवासी सिरौलीकलां किच्छा अपनी कार से उधर आ रहा था। यह देख उसने अपनी कार रोकी तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गये। जाते समय वह लोग 18 हजार की नगदी के अलावा पर्स और सोने की चेन आदि लूट ले गये।

मामले की सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी गयी और उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। वही उसने मामले में तहरीर भी संबंधित पुलिस चौकी में सौपी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद मजबूरन उसे कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार