IND vs SA : ऋषभ पंत की ये कैसी कप्तानी? दिनेश कार्तिक से पहले मैदान में उतरे अक्षर पटेल!
कटक। अक्षर पटेल को दिनेश कार्तिक से पहले बल्लेबाजी के लिए भेजना भले ही अजीब लगे लेकिन शीर्ष क्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 में लिए गए इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि एक दो रन चुराने (स्ट्राइक रोटेट करने) के लिए परिस्थितियों को देखकर ऐसा किया …
कटक। अक्षर पटेल को दिनेश कार्तिक से पहले बल्लेबाजी के लिए भेजना भले ही अजीब लगे लेकिन शीर्ष क्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 में लिए गए इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि एक दो रन चुराने (स्ट्राइक रोटेट करने) के लिए परिस्थितियों को देखकर ऐसा किया गया। यह रणनीति कारगर नहीं रही तथा अक्षर रन बनाने के लिये जूझते रहे। उनके 17वें ओवर में आउट होने से भारत का स्कोर छह विकेट पर 112 रन हो गया। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिये उतरे कार्तिक के नाबाद 30 रन से भारत छह विकेट पर 148 रन तक पहुंच पाया।
श्रेयस ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने पहले भी ऐसी रणनीति अपनाई थी। अक्षर जब क्रीज पर उतरा तो हमारे पास सात ओवर बचे थे। वह एक दो रन ले सकता है और स्ट्राइक रोटेट कर सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा तब किसी को क्रीज पर उतरकर पहली गेंद से हिट करने की आवश्यकता नहीं थी। डीके (कार्तिक) ऐसा कर सकता है, लेकिन वह 15 ओवर के बाद हमारे लिए अधिक फायदेमंद रहा है, जहां वह क्रीज पर उतरते ही लंबे शॉट खेल सकता है।’’ श्रेयस ने तर्क दिया कि यहां तक कि कार्तिक को भी इस विकेट पर रन बनाने के लिये जूझना पड़ा था।
उन्होंने कहा, ‘‘यहां तक कि शुरुआत में उन्हें (कार्तिक) भी रन बनाने में थोड़ी मुश्किल हुई। इस मैच में विकेट ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई। जहां तक इस रणनीति का सवाल है तो हम आगे भी इसे अपनाएंगे।’’ कार्तिक को यदि पहले भेजा जाता तो भारत 160 रन से अधिक का स्कोर कर सकता था और श्रेयस ने भी स्वीकार किया कि आखिर में लगभग 12 रन कम पड़ गये। उन्होंने कहा, ‘‘अगर मैच पर गौर करें तो मुझे लगता है कि इस विकेट पर 160 रन का स्कोर थोड़ा दबाव में डालने के लिये वास्तव में अच्छा होता, लेकिन हम उससे 12 रन कम थे।’’ दक्षिण अफ्रीका ने हेनरिक क्लासेन के 81 रन की मदद से चार विकेट से जीत दर्ज करके पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 से बढ़त बनाई।
आपको बता दें कि दिल्ली मैच हो या फिर कटक मैच, दोनों ही जगह कप्तान ऋषभ पंत की कप्तानी पर सवाल खड़े हुए हैं। जो पहली बार इस रोल को निभा रहे हैं। लेकिन, दूसरे टी-20 में बल्लेबाजी ऑर्डर में कुछ ऐसा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।
ये भी पढ़ें : IND vs SA 2nd T20: दक्षिण अफ्रीका ने कटक में हासिल की जीत, भारत को मिली लगातार दूसरी बार हार
