रुद्रपुर: बिना नक्शा पास कराये भवन बना रहे थे किच्छा चेयरमैन
रुद्रपुर अमृत विचार। जनप्रतिनिधि ही जब सरकारी नियम कानून की धज्जियां उड़ाने लगें तो आम जनता से क्या उम्मीद की जा सकती है…। किच्छा नगर पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली ने बगैर नक्शा पास कराये ही अपने मकान का निर्माण शुरू करा दिया। जिला विकास प्राधिकरण के सचिव एनएस नबियाल ने मौके पर जाकर काम रुकवा दिया …
रुद्रपुर अमृत विचार। जनप्रतिनिधि ही जब सरकारी नियम कानून की धज्जियां उड़ाने लगें तो आम जनता से क्या उम्मीद की जा सकती है…। किच्छा नगर पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली ने बगैर नक्शा पास कराये ही अपने मकान का निर्माण शुरू करा दिया। जिला विकास प्राधिकरण के सचिव एनएस नबियाल ने मौके पर जाकर काम रुकवा दिया है। पालिकाध्यक्ष को नोटिस जारी करते हुये 20 जून 2022 को प्राधिकरण में तलब किया है।
नगर पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली किच्छा में हल्द्वानी रोड पर बंडिया में सड़क किनारे 24 गुणा 90 वर्ग फीट में भवन का निर्माण करा रहे हैं। इस भूखंड पर पिलर के साथ दीवार भी खड़ी हो चुकी है। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर नक्शा आदि मांगा तो वहां पर कोई कागजात नहीं मिला। इस पर प्राधिकरण सचिव एनएस नबियाल ने निर्माण कार्य रुकवा दिया।
पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली को नोटिस जारी कर उनको 20 जून 2022 को प्राधिकरण में नक्शे आदि समेत तलब किया गया है। नोटिस में साफ तौर पर कहा गया है कि क्यों न आपके अवैध निर्माण को प्राधिकरण की ओर से धारा 27 के तहत आदेश पारित कर बलपूर्वक ध्वस्त कर दिया जाये। कहा गया है कि यदि 20 जून को दर्शन कोली उपस्थित नहीं होते हैं तो माना जायेगा कि उन्हें इस संबंध में कुछ नहीं कहना है और ध्वस्तीकरण के एकतरफा आदेश पारित कर दिया जायेगा।
किच्छा नगर पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली का निर्माण बगैर नक्शा पास होते हुये मिला है। उसे फिलहाल रुकवा दिया गया है। इस पूरे मामले में प्राधिकरण सचिव की ओर से कार्यवाही की जा रही है।
– हरीश चंद्र पांडेय, उपाध्यक्ष, जिला विकास प्राधिकरण।
हमने भवन का नक्शा स्वीकृति के लिये ऑनलाइन आवेदन किया हुआ है। प्राधिकरण ने आकर काम रुकवा दिया है। अब यदि प्राधिकरण नक्शे को स्वीकृत करेगा तो हम आगे काम करवायेंगे, नहीं तो काम रोक देंगे।
– दर्शन कोली, नगर पालिकाध्यक्ष, किच्छा।
