किच्छा: आंदोलनरत ईंट्रार्क मजदूरों ने की महापंचायत की घोषणा
किच्छा, अमृत विचार। ईंट्रार्क मजदूर संगठन के बैनर तले अपनी मांगों को लेकर पिछले कई महीनों से आंदोलन कर रहे कर्मचारियों ने आगामी 28 जून को किच्छा में मजदूर किसान महापंचायत का आयोजन करने की घोषणा कर दी है। संगठन के बैनर तले दर्जनों कर्मचारी एसडीएम कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने एसडीएम प्रशासन के माध्यम से उत्तराखंड …
किच्छा, अमृत विचार। ईंट्रार्क मजदूर संगठन के बैनर तले अपनी मांगों को लेकर पिछले कई महीनों से आंदोलन कर रहे कर्मचारियों ने आगामी 28 जून को किच्छा में मजदूर किसान महापंचायत का आयोजन करने की घोषणा कर दी है।
संगठन के बैनर तले दर्जनों कर्मचारी एसडीएम कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने एसडीएम प्रशासन के माध्यम से उत्तराखंड के श्रम सचिव को ज्ञापन प्रेषित कर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द मांगों का निस्तारण करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्यवाही नहीं की गई तो आगामी 28 जून को किच्छा में मजदूर किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा।
ईंट्रार्क मजदूर संगठन के साथ संयुक्त किसान मोर्चा, श्रमिक संयुक्त मोर्चा, किसान यूनियन से जुड़े तमाम लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने श्रम सचिव को ज्ञापन प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड शासन द्वारा 30 मई को ईंट्रार्क कंपनी सिडकुल पंतनगर की तालाबंदी को गैरकानूनी घोषित कर दिया, किंतु इसके बावजूद श्रम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा कंपनी की तालाबंदी समाप्त कर मजदूरों की कार्य बहाली कराने व कर्मचारियों के पिछले 3 माह के वेतन की वसूली के लिए प्रशासन द्वारा कोई प्रयास नहीं किया गया, जिस कारण 16 मार्च से तालाबंदी के चलते करीब 500 मजदूर परिवार के साथ भूखमरी की स्थिति में हैं।
उन्होंने कहा कि तालाबंदी के कारण कर्मचारियों के बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं तथा परिवारों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किच्छा स्थित कंपनी के स्टैंडिंग ऑर्डर की अवहेलना कर कैजुअल मजदूरों की गैरकानूनी भर्ती कर मजदूरों के जानमाल से खिलवाड़ किया जा रहा है जिससे कंपनी में आए दिन मजदूर विकलांग हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर 27 जून तक कर्मचारी हित में कोई निर्णय नहीं लिया गया तो 28 जून को किच्छा स्थित कंपनी गेट पर मजदूर किसान महापंचायत का आयोजन कर आर-पार की लड़ाई का निर्णय लिया जाएगा। इस मौके पर ईंट्रार्क मजदूर संगठन के अध्यक्ष दलजीत सिंह, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार, ईंट्रार्क कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष राकेश कुमार, महामंत्री पान मोहम्मद, बलविंदर सिंह मान, बंगाली एकता मंच के सुब्रत विश्वास, जगत सिंह, सौरभ कुमार, वीरेंद्र सिंह, हिरदेश कुमार, राजेंद्र प्रसाद, प्रभजोत सिंह आदि मौजूद रहे।
