अल्मोड़ा: 50 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
अल्मोड़ा, अमृत विचार। मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भतरौंजखान थाना पुलिस ने एक कार और बाइक में छिपाकर ले जाए जा रहे पचास किलो पचास ग्राम गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को सीज कर दिया गया है। जबकि आरोपियों …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भतरौंजखान थाना पुलिस ने एक कार और बाइक में छिपाकर ले जाए जा रहे पचास किलो पचास ग्राम गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को सीज कर दिया गया है। जबकि आरोपियों के खिलाफ थाने में एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीओ ऑपरेशन ओशीन जोशी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष भतरौंजखान अनीश अहमद अपनी टीम के साथ मोहान पुलिस सहायता केंद्र के पास चेकिंग कर रहे थे। संदेह के आधार पर जब एक कार और बाइक की तलाशी ली गई तो दोनों वाहनों से कुल पचास किलो पचास ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी बाजार में कीमत करीब सात लाख 57 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने कार और बाइक में सवार महमूद निवासी लालपुर कुंडा और पवन कश्यप निवासी खड़कपुर काशीपुर को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वह स्याल्दे ब्लॉक के देघाट के आसपास के क्षेत्रों से गांजा एकत्र कर उसे महंगे दामों में बेचने के लिए ले जा रहे थे लेकिन वह अपने काले कारनामे को अंजाम दे पाते, इससे पहले वह पुलिस की गिरफ्त में आ गए। पुलिस टीम में उप निरीक्षक विनोद घई, आरक्षी संदीप, भूपेंद्र पाल, मनमोहन सिंह शामिल रहे।
