हल्द्वानी: 20 जून को मानसून के उत्तराखंड पहुंचने के आसार
हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक नैनीताल जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में तो बारिश हुई, लेकिन मैदान में हल्की बूंदाबांदी ही हुई। इससे गर्मी और उमस काफी बढ़ गई। आम लोगों को गर्मी से राहत मिलने का अनुमान गलत साबित हुआ। बुधवार की रात करीब 1.23 बजे हल्द्वानी में हल्की बूंदाबांदी हुई। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक नैनीताल जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में तो बारिश हुई, लेकिन मैदान में हल्की बूंदाबांदी ही हुई। इससे गर्मी और उमस काफी बढ़ गई। आम लोगों को गर्मी से राहत मिलने का अनुमान गलत साबित हुआ। बुधवार की रात करीब 1.23 बजे हल्द्वानी में हल्की बूंदाबांदी हुई।
तेज हवायें भी चलीं। हवा में नमी थी। पहाड़ों में हुई बारिश की वजह से शहर में मौसम सुहावना हो गया। हालांकि बारिश ने तेजी नहीं पकड़ी। सुबह होने के साथ ही एक बार फिर धूप निकल आई। गर्मी से लोगों के हाल-बेहाल होने लगे। दिन भर तपिश और उमस से लोग जूझते रहे। हालांकि शाम होने के साथ ही आसमान में बादल छाने लगे, लेकिन बारिश नहीं हुई।
इधर, मौसम विभाग का अनुमान है कि नैनीताल जिले में शुक्रवार को भारी बारिश हो सकती है। जिले के मैदानी क्षेत्र के लोगों को बारिश का इंतजार है। जिले के पहाड़ी इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की जा चुकी है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार को अधिकांश जगहों पर वर्षा देखने को मिलेगी। 18 और 19 जून को बारिश का दायरा कम होने की संभावना है।
मौसम में आने वाले बदलाव से तापमान में गिरावट आएगी। पिछले दो-तीन दिनों में मानसून से गति पकड़ी है। मानसून का दक्षिणी-पश्चिमी छोर गुजरात के निचले इलाकों से मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक तेलंगाना व आंध्र प्रदेश से आगे बढ़ गया है। मौसम विज्ञान विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिनों में मानसून ओडिशा, झारखंड व बिहार के कुछ हिस्सों से आगे बढ़ सकता है। मानसून अनुमान के अनुरूप आगे बढ़ा तो 20 जून के आसपास उत्तराखंड पहुंच सकता है।
