पीलीभीत: रफ्तार का कहर, सड़क हादसों में बरेली की महिला समेत दो की मौत
पीलीभीत,अमृत विचार। बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर हादसे का सबब बनी। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जनकारी जुटाई। उसके बाद शव को कब्जे में …
पीलीभीत,अमृत विचार। बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर हादसे का सबब बनी। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जनकारी जुटाई। उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया है। पुलिस ने मृतकों के परिजन से कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर मांगी है।
मूल रूप से बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव पंडरी हलवा निवासी मुकेश शर्मा सोमवार देर शाम बाइक से पत्नी सोमवती के साथ अमरिया क्षेत्र में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने आ रहे थे। बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर अमरिया थाना क्षेत्र में भौनी तिराहा के पास पहुंचते ही बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
इसकी सूचना मिलने पर अमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने चेकअप के बाद सोमवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि पति को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। दूसरे दिन शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत और पति के गंभीर रूप से घायल होने का पता लगते ही परिवार वाले भी आ गए। सभी का रोकर बुरा हाल रहा। मृतक के तीन बच्चे हैं।
उधर, जहानाबाद थना क्षेत्र के गांव अमखेड़ा निवासी 52 वर्षीय शरफात खां खेती करते थे। बीते दिनों वह बाइक से बरातबोज गांव के पास गए थे। एक दुकान के बाहर बाइक खड़ी कर बातचीत कर रहे थे कि तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। इसके बाद प्राइवेट अस्पताल में भी इलाज चला। फिर इलाज के दौरान मौत हो गई।
सड़क हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। परिवार से तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश इंस्पेक्टर को दिए गए हैं।- लल्लन सिंह, सीओ सदर।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: दो गर्भवती महिलाओं समेत छह नए कोरोना पॉजिटिव
