बाजपुर: अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन का छापा, 13 वाहन सीज
बाजपुर, अमृत विचार। स्थानीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने अचानक कोसी नदी में छापेमारी कर दी जिससे अवैध खनन में लिप्त खनन कारोबारियों में भगदड़ मच गई। भागने की हड़बड़ी में एक ट्रॉली पलट गई तो कई वाहन नदी के गहरे गड्ढ़े में फंस गए, जबकि अनेक चालक अपने वाहनों के समेत …
बाजपुर, अमृत विचार। स्थानीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने अचानक कोसी नदी में छापेमारी कर दी जिससे अवैध खनन में लिप्त खनन कारोबारियों में भगदड़ मच गई। भागने की हड़बड़ी में एक ट्रॉली पलट गई तो कई वाहन नदी के गहरे गड्ढ़े में फंस गए, जबकि अनेक चालक अपने वाहनों के समेत मौके से फरार होने में सफल रहे। टीम ने छापेमारी के दौरान छह डंपर व सात ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़कर सीज कर दिया है।
शीशम गेट व मानकी घाट के मध्य कोसी नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध खनन चुगान की सूचना पर एसडीएम आरसी तिवारी, तहसीलदार यूसुफ अली व सीओ वंदना वर्मा की अगुवाई में गठित राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जिससे खनन कारोबारियों व चालकों में हड़कंप मच गया। इसी भगदड़ के बीच एक ट्रैक्टर-ट्रॉली काफी गहरे पानी में जा घुसी, जबकि एक ट्रॉली पलट गई।
इसके अलावा भी कई खनन वाहन नदी में ही फंसे रह गए, जबकि अधिकांश चालक वाहनों समेत वहां से भागने में सफल रहे। टीम ने इस पूरी कार्रवाई के दौरान छह डंपर व सात ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ ली जिन्हें सीज कर सुल्तानपुर पट्टी चौकी की पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
अवैध खनन करते एक दर्जन वाहन सीज
सुल्तानपुर पट्टी। राजस्व विभाग व पुलिस विभाग की टीम ने कोसी नदी में छापेमारी मारकर अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई की। अवैध खनन कर रहे करीब एक दर्जन वाहनों को मौके से पकड़ कर सीज कर दिये। टीम की सूचना मिलते ही खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया और वाहनों को भगाने लगे। भगदड़ में एक ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई ।
कोसी नदी में हो रहे अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थी। मंगलवार को एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, सीओ वंदना वर्मा, तहसीलदार युसूफ अली, चौकी इंचार्ज प्रदीप कोहली के साथ पुलिस बल के साथ मानकी घाट और शीशम घाट पहुंचे। अफरा-तफरी में कुछ वाहन कोसी नदी में फंस गए और कुछ चालक वाहनों को लेकर भाग गये। एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी ने बताया कि मंगलवार सुबह शिकायत मिली कि कोसी नदी के वन क्षेत्र इलाके में खनन माफियाओं द्वारा अवैध खनन किया जा रहा है।
एसडीएम ने कहा कि जब सीओ व तहसीलदार के साथ वह मौके पर पहुंचे तो वहां सैकड़ों वाहन कोसी नदी खनन क्षेत्र में पाए गए । उन्होंने कहा कि मौके से लगभग एक दर्जन अवैध खनन में लिप्त वाहनों को पकड़कर सीज किया गया। एसडीएम ने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया है।
एआरटीओ ने जुगाड़ वाहन किया सीज
बाजपुर। एआरटीओ काशीपुर अक्षित झा ने बताया कि बाजपुर क्षेत्र में लगभग आधा दर्जन जुगाड़ वाहन स्कूली बच्चों को लाने ले जाने व ग्रामीण क्षेत्रों से सवारियां ढोने में प्रयोग हो रहे हैं जिनमें न कोई ब्रेक है और न ही इसके संचालन की अनुमति है। मात्र एक पानी के इंजन के जुगाड़ से तैयार वाहन संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया मंगलवार को चलाया गया, जिसके चलते बन्नाखेड़ा निवासी दिलबाग सिंह द्वारा संचालित जुगाड़ वाहन को पकड़कर सीज किया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में जुगाड़ वाहन पकड़े जाने पर संबंधित चालक के विरुद्ध जन-मानस के जीवन से खिलवाड़ करने की धाराओं में मामला दर्ज कराया जाएगा। वहीं यदि किसी स्कूल के बच्चे ऐसे वाहनों में आते पाए गए तो जुगाड़ वाहन स्वामी के साथ ही संबंधित विद्यालय संचालकों के विरुद्ध भी मामला दर्ज कराया जाएगा।
