पिथौरागढ़: नाबालिगों को गाड़ी की चाबी देना अभिभावकों को पड़ा भारी, दो दिन में वसूले 75 हजार
पिथौरागढ़, अमृत विचार। अपने देश में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो नियमों का पालन करना जरूरी नहीं समझते, भले ही इसके एवज में उन्हें सजा या जुर्माना ही क्यों न लग जाए। इन दिनों पिथौरागढ़ में भी कुछ ऐसा ही चल रहा है। सड़क पर नाबालिग बेतरतीब गाड़ियां दौड़ा रहे हैं। पुलिस द्वारा कई …
पिथौरागढ़, अमृत विचार। अपने देश में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो नियमों का पालन करना जरूरी नहीं समझते, भले ही इसके एवज में उन्हें सजा या जुर्माना ही क्यों न लग जाए। इन दिनों पिथौरागढ़ में भी कुछ ऐसा ही चल रहा है। सड़क पर नाबालिग बेतरतीब गाड़ियां दौड़ा रहे हैं। पुलिस द्वारा कई बार जागरुक भी किया जा चुका है लेकिन न तो बच्चे मान रहे हैं और न ही अभिभावक कोई ध्यान दे रहे हैं। यही वजह है कि नाबालिग बच्चों को वाहन देना अभिभावकों को भारी पड़ रहा है। पुलिस एक दिन पहले ही 25 हजार रुपए का चालान किया फिर भी अभिभावक जागरुक नहीं हुए। दूसरे दिन फिर दो नाबालिग वाहन चलाते मिले। पुलिस ने दोनों वाहनों को सीज कर अभिभावकों से 25-25 हजार यानी कुल 50 हजार रुपए का चालान वसूले।
शुक्रवार को यातायात प्रभारी प्रताप सिंह नेगी के नेतृत्व में वड्डा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान स्कूटी संख्या यूके 05 डी-4858 को रोका गया तो वाहन चालक नाबालिग निकला। वाहन चालक के अभिभावक मौके पर बुलाए गए और धारा 3/4/181/129ए/207 एमवी एक्ट के अंतर्गत 25 हजार रु पए का चालान काट कर वाहन सीज किया गया। बेरीनाग में एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला और थानाध्यक्ष हेम चंद्र तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्कूटी संख्या यूके 06 एजेड- 4610 को रोका तो वाहन चालक नाबालिग निकला। नाबालिग वाहन चालक के अभिभावक को बुलाकर एमवी एक्ट के तहत 25 हजार रुपए का चालान कर वाहन सीज कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों को वाहन देने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
