बरेली: प्लास्टिक पर लगेगी लगाम, थोक विक्रेताओं के यहां छापे मारी के दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पर्यावरण को बचाने के लिए प्लास्टिक को प्रतिबंधित करना जरूरी है। इसके लिए पहले प्लास्टिक बेचने वाले थोक विक्रेताओं के यहां छापे मारकर कार्रवाई करें। जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी को राज्य कर विभाग से समन्वय कर प्लास्टिक के थोक विक्रेताओं के यहां कार्रवाई करने के निर्देश …

बरेली, अमृत विचार। पर्यावरण को बचाने के लिए प्लास्टिक को प्रतिबंधित करना जरूरी है। इसके लिए पहले प्लास्टिक बेचने वाले थोक विक्रेताओं के यहां छापे मारकर कार्रवाई करें। जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी को राज्य कर विभाग से समन्वय कर प्लास्टिक के थोक विक्रेताओं के यहां कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ नगर निगम को बाकरगंज में कूड़ा निस्तारण के कार्य में तेजी लाने को कहा।

जिलाधिकारी ने शुक्रवार दोपहर कलेक्ट्रेट सभागार में करीब 2 घंटे तक जिला पौधरोपण समिति, गंगा समिति तथा पर्यावरण समिति की समीक्षा बैठक ली। डीएम ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी पौधरोपण कराने की तैयारी कर लें। सभी को शत प्रतिशत पौधरोपण कराना है। गड्ढा खोदाई की अद्यतन रिपोर्ट वन विभाग को तीन दिन के अन्दर उपलब्ध करा दें।

इसके साथ ही जिन विभागों ने गड्ढा खोदाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है वे वन विभाग को पौध के लिए मांग पत्र शीघ्र भेजें। उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को उप जिलाधिकारी आंवला से संपर्क कर विकास खंड मझगवां में कब्जा मुक्त कराई जमीन पर वृहद पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को पौधरोपण कार्य के लिए नोडल अधिकारी नामित करने के भी निर्देश दिए।

पौधों पर कराए जियाे टैगिंग
डीएम ने कहा कि पौधों की सुरक्षा एवं जियो टैगिंग अवश्य कराई जाए। उन्होंने गंगा समिति की समीक्षा करते हुए नदियों तथा तालाबों को चिन्हित कर सूची डीसी मनरेगा को उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही नदियों में कपड़ा धुलाई, पॉलिथीन व अन्य कचरा फेंकने से लोगों को रोकने के लिए नदियों के किनारे घाट की व्यवस्था करने के निर्देश भी अधीनस्थों को दिए। उन्होंने नदी जमीन व तालाबों पर यदि किसी का कब्जा है तो उस तालाब को शीघ्र कब्जा मुक्त कराने और इनके किनारे पौधे लगाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी समीर कुमार, केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के डीके सोनी, केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी रोहित सिंह, डीसी मनरेगा गांगाराम, जिला पंचायती राज अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें-बरेली: 33 केवी लाइन में फाल्ट, हजारों घरों की बिजली हुई गुल

संबंधित समाचार