नैनीताल: गाड़ी की चाबी लेकर चंपत हुआ चालक, पर्यटक की हुई फजीहत
नैनीताल, अमृत विचार। दिल्ली से घूमने के लिए नैनीताल पहुंचे एक पर्यटक को एक वेबसाइट के माध्यम से वाहन चालक बुक करना महंगा पड़ गया। वाहन चालक पर्यटक के वाहन को पार्किंग में खड़ा कर गायब हो गया। जब कई बार फोन करने के बावजूद भी चालक से संपर्क नहीं हो पाया तो पर्यटक ने …
नैनीताल, अमृत विचार। दिल्ली से घूमने के लिए नैनीताल पहुंचे एक पर्यटक को एक वेबसाइट के माध्यम से वाहन चालक बुक करना महंगा पड़ गया। वाहन चालक पर्यटक के वाहन को पार्किंग में खड़ा कर गायब हो गया। जब कई बार फोन करने के बावजूद भी चालक से संपर्क नहीं हो पाया तो पर्यटक ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर चालक की तलाश करने की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक ज्योति कॉलोनी शाहदरा दिल्ली निवासी आदित्य वर्मा अपने परिवार के साथ शुक्रवार को घूमने के लिए नैनीताल आए हुए थे। नैनीताल आने के लिए उन्होंने एक वेबसाइट के माध्यम से अपना वाहन चलाने के लिए चालक बुक किया। चालक ने उनके परिवार को होटल में छोड़कर वाहन मेट्रोपोल पार्किंग में खड़ा कर दिया।
शनिवार को जब वापस जाने के लिए आदित्य ने चालक से संपर्क करना चाहा तो उसका फोन नहीं उठा। कई बार फोन करने के बाद भी जब चालक से संपर्क नहीं हो पाया तो वह पार्किंग में पहुंचे। जहां उन्हें अपना वाहन पीछे की ओर से कुछ क्षतिग्रस्त मिला। उनकी ओर से कोतवाली में तहरीर देकर चालक की तलाश करने की मांग की गई है।
मामले में एसआई हरीश सिंह ने बताया कि शिकायत के बाद चालक की तलाश की जा रही है। मगर कई प्रयासों के बाद भी चालक से संपर्क नहीं हो पा रहा है। इधर आदित्य ने बताया कि दिनभर तलाशने के बाद भी जब चालक का कुछ पता नहीं चला तो वह अपने वाहन की डुप्लीकेट चाबी बनवा कर वापस लौटने की योजना बना रहे हैं। एक दिन अतिरिक्त रुकने के कारण दिनभर फजीहत उठानी पड़ी है। अब रविवार को ही वापस लौटना संभव हो पाएगा।
