नैनीताल: पर्यटकों ने शराब पीकर जमकर मचाया उत्पात, कैंप संचालक समेत कर्मचारियों को पीटा, तोड़फोड़ कर भागे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। शहर के समीपवर्ती गेठिया क्षेत्र स्थित कैंप साइट व होटल में रहने के लिए पहुंचे 10 पर्यटकों ने शराब पीकर जमकर उत्पात मचाया। जब कैम्प संचालक द्वारा इसका विरोध किया गया तो पर्यटकों ने कैम्प संचालक और कर्मियों से जमकर मारपीट की। हंगामा बढ़ता देख होटल कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए, …

नैनीताल, अमृत विचार। शहर के समीपवर्ती गेठिया क्षेत्र स्थित कैंप साइट व होटल में रहने के लिए पहुंचे 10 पर्यटकों ने शराब पीकर जमकर उत्पात मचाया। जब कैम्प संचालक द्वारा इसका विरोध किया गया तो पर्यटकों ने कैम्प संचालक और कर्मियों से जमकर मारपीट की। हंगामा बढ़ता देख होटल कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए, मगर पर्यटक उग्र होने के कारण झगड़ा शांत नहीं हो सका। इस दौरान मारपीट में तीन कर्मचारी चोटिल हो गए।

होटल संचालक का आरोप है कि पर्यटक रेस्टोरेंट के गल्ले में रखी 11 हजार की धनराशि भी लूट होटल का गेट तोड़ फरार हो गए। कैंप संचालक ने ज्योलीकोट चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

जानकारी के मुताबिक गेटिया निवासी एमएल साह ने ज्योलीकोट चौकी में तहरीर देकर कहा है कि वह गेठिया में कैंप कुरिया नाम से रेस्टोरेंट और होटल का संचालन करते हैं। शनिवार शाम दो वाहनों में सवार 10 पर्यटक उनके कैंप में पहुंचे। पर्यटको ने पांच जूम टेंट बुक कराए और वह टेंट में चले गए। रात करीब साढ़े नौ बजे सभी पर्यटक बाहर निकले और शराब के नशे में गाली गलौज करने लगे। यह सुनकर कर्मचारियों ने उन्हें शांत रहने को कहा तो पर्यटक हमलावर हो गए। पर्यटकों ने होटल में मौजूद उनके पुत्र भगवत कुमार साह और आशीष साह से मारपीट शुरू कर दी। बेटों के चीखने चिल्लाने पर होटल स्टाफ कमरों से बाहर आए और उनके बेटों को बचाने का प्रयास किया। मगर पर्यटकों की संख्या अधिक होने के कारण वह सफल नहीं हो सके।

इस बीच पर्यटकों ने होटल में जमकर तोड़फोड़ की। मारपीट के दौरान वह और उनके दोनों बेटे चोटिल हो गए। पर्यटकों ने बलपूर्वक उनके रेस्टोरेंट के गल्ले में रखी 11 हजार की रकम भी ले ली। इतना ही नहीं पर्यटक रिसेप्शन में रखी हुई अपनी और अन्य पर्यटकों की आईडी भी ले गए और सभी कर्मचारियों से मारपीट कर होटल का गेट तोड़ते हुए फरार हो गए।

आरोप है कि पर्यटकों ने मारपीट के साथ ही तोड़फोड़ कर भारी नुकसान कर दिया। उन्होंने मामले में संबंधित पर्यटकों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। तल्लीताल एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।

संबंधित समाचार