हल्द्वानी: दहेज के लिए पत्नी को जहर देकर मारने की कोशिश
हल्द्वानी, अमृत विचार। दहेज में कार न लाने पर पति ने जहर देकर उसकी जान लेने की कोशिश की और उसकी बहन को लेकर फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर बनभूलपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मलिक का बगीचा निवासी सीमा पुत्री खलील ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च …
हल्द्वानी, अमृत विचार। दहेज में कार न लाने पर पति ने जहर देकर उसकी जान लेने की कोशिश की और उसकी बहन को लेकर फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर बनभूलपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मलिक का बगीचा निवासी सीमा पुत्री खलील ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च 2017 को उसकी शादी आकिब पुत्र अब्दुल माजिद निवासी मोहम्मदी मस्जिद बनभूलपुरा के साथ हुई थी। शादी के बाद दहेज में कार नहीं लाने पर उसका उत्पीड़न किया जाने लगा। इस बीच उसने एक पुत्री को जन्म दिया जिसके बाद ससुरालियों का उत्पीड़न और बढ़ गया।
आरोप है कि सुनियोजित षड्यंत्र के तहत उसे पति के साथ घर से निकाल दिया गया। इसके बाद दूसरी बेटी हुई तो अत्याचार और बढ़ गया। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व पेट में दर्द होने पर पति ने दवा के नाम पर पानी में जहर मिलाकर दे दिया। इसी बीच सीमा के चाचा आ गए। पति ने धमकी दी कि अगर जहर की बात किसी को बताई तो तलाक दे देगा।
सीमा की हालत बिगड़ने पर आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ दिन बाद पति शहर से बाहर जाने की बात कहकर घर से निकला और लौट कर नहीं आया। पता लगा कि पति आकिब पत्नी की छोटी बहन को बहला-फुसला कर फरार हो गया। महिला की तहरीर पर बनभूलपुरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
