शिंदे मंत्रिमंडल में शामिल होंगे फडणवीस : नड्डा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य के भावी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। नड्डा ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र की जनता की भलाई के लिए बड़े …

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य के भावी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। नड्डा ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र की जनता की भलाई के लिए बड़े मन का परिचय देते हुए एकनाथ शिंदे का समर्थन करने का निर्णय किया।

उन्होंने कहा, ‘‘देवेन्द्र फडणवीस ने भी बड़ा मन दिखाते हुए मंत्रिमंडल में शामिल होने का निर्णय किया है, जो महाराष्ट्र की जनता के प्रति उनके लगाव को दर्शाता है।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र में शिंदे को मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सत्ता हासिल करना पार्टी का उद्देश्य नहीं है बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और महाराष्ट्र की जनता की सेवा करना ही उसका ‘‘परम लक्ष्य’’ है।

शिंदे और फडणवीस को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आज ये सिद्ध हो गया कि भाजपा के मन में कभी मुख्यमंत्री पद की लालसा नहीं थी। 2019 के चुनाव में स्पष्ट जनादेश नरेंद्र मोदी एवं फडणवीस को मिला था। उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद के लालच में हमारा साथ छोड़कर विपक्ष के साथ सरकार बनाई थी।’’ इससे पहले एक चौंकाने वाले घटनाक्रम में फडणवीस ने घोषणा की थी कि शिंदे महाराष्ट्र के नये मुख्यमंत्री होंगे।

फडणवीस और शिंदे की राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात के बाद यह घोषणा की गई। हालांकि, तब तक कयास लगाये जा रहे थे कि एकनाथ के नेतृत्व वाले बागी शिवसेना विधायकों के समर्थन से फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। महाराष्ट्र विधानसभा में सबसे बड़ा दल होने के बावजूद भाजपा ने शिंदे गुट को अपना समर्थन देने की घोषणा की।

हालांकि फडणवीस से यह भी कहा था कि वह नयी सरकार में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं सरकार से बाहर रहूंगा, हालांकि, सरकार का सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित करूंगा जो उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के बाद विकल्प के तौर पर सामने आयी है।

ये भी पढ़े – यशवंत सिन्हा ने की तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन से मुलाकात

संबंधित समाचार