शाहजहांपुर: नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले दो जालसाज गिरफ्तार
अमृत विचार, शाहजहांपुर। सरकारी योजना जल जीवन मिशन के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का साइबर क्राइम सेल और कोतवाली पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए सरगना सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों के पास से जल जीवन मिशन का लोगो लगी सैकड़ों टी शर्ट, सैकड़ों की संख्या में …
अमृत विचार, शाहजहांपुर। सरकारी योजना जल जीवन मिशन के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का साइबर क्राइम सेल और कोतवाली पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए सरगना सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों के पास से जल जीवन मिशन का लोगो लगी सैकड़ों टी शर्ट, सैकड़ों की संख्या में फोटो लगे बायोडाटा, फर्जी नियुक्ति पत्र आदि बरामद हुआ है।
एसपी एस आनंद ने बताया कि विगत कई दिनों से सरकारी योजना के नाम पर नौकरी देने तथा फर्जी ज्वाइनिंग, ऑफर लेटर भेजकर रुपयों की ठगी करने की सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। ठगी की घटनाओं के अनावरण व गैंग के बारे में जानकारी कर उसे बस्ट करने के लिए एएसपी सिटी संजय कुमार के निर्देशन व सीओ सिटी अखंड प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में व साइबर सर्विलांस सेल के प्रभारी निरीक्षक नीरज सिंह के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस टीम को टास्क दिया गया था।
इसी क्रम में संयुक्त टीम गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत थी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर संयुक्त टीम द्वारा ए-122 कस्मंडा अपार्टमेंट हजरतगंज लखनऊ में छापेमारी की गई थी। इधर शनिवार सुबह 08:30 बजे मुखबिर की सूचना पर कोतवाली थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी साउथ सिटी से छापेमारी कर सरगना सहित दो आरोपी धर्मेश शुक्ला पुत्र निवासी मोहल्ला केसरी निवास थाना कोतवाली उन्नाव व मिथलेश कुमार प्रजापति निवासी गांव मजीठी थाना पट्टी प्रतापगढ को गिरफ्तार किया गया।
मौके से 156 जल जीवन मिशन की लोगों लगी सैकडों टीशर्ट, तीन कंप्यूटर, एक प्रिंटर नौ मोहरे, अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड, चेकबुक, पास बुक,आधार कार्ड,ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, मोबाइल फोन 310 अलग-अलग व्यक्तियों के बायोडाटा फार्म, दो फर्जी नियुक्ति पत्र, 2335 व्यक्तियों की सूची आदि बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर आरोपियों को कोर्ट से जेल भेज दिया गया।
