शाहजहांपुर: जुझारपुर में एक ही रात में दो घरों से लाखों की चोरी
पुवायां, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव जुझारपुर में शनिवार की रात चोरों ने दो घरों से नकदी समेत लाखों रुपये कीमत के जेवर चोरी कर लिए। तीसरे घर में नकब लगाने के दौरान जाग होने पर चोर भाग गए। चोरी की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका …
पुवायां, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव जुझारपुर में शनिवार की रात चोरों ने दो घरों से नकदी समेत लाखों रुपये कीमत के जेवर चोरी कर लिए। तीसरे घर में नकब लगाने के दौरान जाग होने पर चोर भाग गए। चोरी की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जानकारी ली और चोरों की सुरागरसी कर घटना का जल्द पर्दाफाश किए जाने का आश्वासन दिया।
जुझारपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद वाजपेयी घर के आंगन में सोए हुए थे, परिवार में पुत्रवधू सीमा, पौत्र अर्चित, पौत्री रश्मि, बेटी शोभा, दामाद सोनू और उनके दो बच्चे घर के कमरों के आगे बरामदा में सोए हुए थे। रात लगभग दो से ढाई बजे के बीच चोरों ने उनके मुख्य गेट वाली दीवार पर कमरे की तरफ नकब लगा दी और अंदर घुस गए। चोरों ने सबसे पहले कमरे के अंदर की कुंडी बंद ली और कमरे के अंदर रखी लोहे की अलमारी, बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखा दो तोले का हार, एक तोला की चेन, चांदी का बिछुआ, हथफूल, आठ चांदी के सिक्के और पांच हजार की नगदी चोरी कर ली और नकब के रास्ते से निकल गए।
रात करीब 3:30 बजे कुछ आहट महसूस होने पर राजेंद्र ने पहले कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की लेकिन कमरे की अंदर से कुंडी बंद होने पर उनका माथा ठनक गया। मुख्य गेट खोलकर बाहर देखा तो दीवार में नकब लगी हुई थी और घर के कमरे के अंदर रखी नकदी जेवर गायब था। दिन निकलने पर पता चला कि चोरों ने असीम त्रिवेदी के मकान को भी निशाना बना लिया। चोर यहां मकान में पश्चिम की तरफ दीवार के सहारे छत पर पहुंचकर आंगन में कूद गए।
असीम त्रिवेदी का बेटा हिमांशु उर्फ आशू ,अपनी पत्नी कल्पना और दोनों मासूम बेटों के साथ बैठक में सो रहा था। घर के आंगन में आए चोरों ने सबसे पहले बैठक की ओर जाने वाले दरवाजे पर अंदर से कुंडी लगा ली और फिर तीन कमरों और रसोई का ताला तोड़ दिया। चोर यहां से एक जोड़ी झुमकी, एक तोला सोने की चेन, पायले, बिछिया, और सात हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली।
गांव में ही तीसरी जगह नवल किशाोर त्रिवेदी के मकान को निशाना बनाया। यहां मकान में पीछे से नकब लगा रहे थे, खटपट की आवाज सुनकर लोग जाग गए, तभी चोर भाग गए। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और मौका मुआयना करने के बाद चोरों की सुरागरसी कर घटना का जल्द पर्दाफाश किए जाने का आश्वासन दिया।
