उत्तराखंड में पांच से आठ जुलाई तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, आपदा से निटपने को सक्रिय हुई सरकारी मशीनरी
हल्द्वानी, अमृत विचार। मानसून की शुरुआत के साथ आफत की बारिश का दौर शुरू हो गया है। अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि मौसम विभाग, देहरादून से प्राप्त सूचना के अनुसार, उत्तराखंड के कुछ स्थानों में पांच और छह जुलाई तक वर्षा का आरेन्ज अलर्ट और सात और आठ जुलाई तक …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मानसून की शुरुआत के साथ आफत की बारिश का दौर शुरू हो गया है। अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि मौसम विभाग, देहरादून से प्राप्त सूचना के अनुसार, उत्तराखंड के कुछ स्थानों में पांच और छह जुलाई तक वर्षा का आरेन्ज अलर्ट और सात और आठ जुलाई तक अलर्ट जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से सम्भावित क्षति एवं मार्ग बाधित होने, संवेदनशील ग्रामों एवं क्षेत्रों में होने वाली घटनाओं आदि से तत्परता से निपटने हेतु जनपद के समस्त सम्बन्धित अधिकारी अलर्ट पर रहेंगे तथा क्षेत्र में तैनात अधीनस्थ समस्त कार्मिकों को भी अलर्ट पर रहने के निर्देश दिये हैं।
अपर जिलाधिकारी जोशी ने कहा कि जनपद में पेड़ों के गिरने से यातायात बाधित होने के दृष्टिगत पेड़ों के त्वरित निस्तारण के साथ सतर्कता बनाये रखने हेतु अलर्ट पर रहेंगे। वर्षा के उपरांत बैराज, नदियों, नालों में तेज जलप्रवाह के दृष्टिगत संवदेनशील स्थानों पर टीमें तैनात की जाए। लोक निर्माण विभाग के समस्त खंडों द्वारा भूस्खलन से संवेदनशील मार्गाें पर उक्त अवधि में जेसीबी मशीनों एवं गैंग कार्मिकों की तैनाती 24 घण्टे सुनिश्चित की जाये।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समस्त जिला, परगना, विकासखंड एवं सम्बन्धित क्षेत्र के अधिकारी अपने-अपने मुख्यालय पर बने रहेंगे साथ ही अधिकारी, कर्मचारी अपने मोबाइल फोन ऑन रखेंगे तथा प्रत्येक घंटे की आपदा संबंधी सूचना तहसील कंट्रोल रूम एवं जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र को 05942-231178/231179 तथा टोल फ्री नम्बर 1077 पर आवश्यक रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
