जसपुर: अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंट व्यापारी की मौत, सीसीटीवी फुटेज जांचने में जुटी पुलिस
जसपुर, अमृत विचार। सड़क दुर्घटना में टेंट व्यापारी की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के मुताबिक ऋषि पाल सिंह पुत्र हरप्रसाद (45) निवासी ग्राम मनंझरा जसपुर पतरामपुर में टेंट की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि रविवार की रात वह दुकान बंद कर अपने घर ई-रिक्शा से …
जसपुर, अमृत विचार। सड़क दुर्घटना में टेंट व्यापारी की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के मुताबिक ऋषि पाल सिंह पुत्र हरप्रसाद (45) निवासी ग्राम मनंझरा जसपुर पतरामपुर में टेंट की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि रविवार की रात वह दुकान बंद कर अपने घर ई-रिक्शा से वापस जा रहे थे, तभी निजामगढ़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनके रिक्शा में जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये।
स्थानीय लोगों ने उसके परिवार को सूचित कर तत्काल उपचार के लिये स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने ऋषिपाल को मृत घोषित कर दिया। पतरामपुर पुलिस चौकी इंचार्ज पूरन राम अगारी ने बताया कि शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की रिक्शा में टक्कर मार कर फरार हुए वाहन का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। वहीं, घटना से मृतक ऋषि पाल के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। उन्होंने मांग की है कि टक्कर मार कर फरार हुए वाहन चालक का पता लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
