बरेली: फर्जी आधार और जाति प्रमाणपत्र बनाने वाले चार लोग गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आधार कार्ड संशोधन के नाम पर दूसरे की तस्वीर हटाकर उसका आधार नंबर प्रयोग कर फर्जी आधार कार्ड और जाति प्रमाणपत्र बनाने वाले गैंग के चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक युवती भी शामिल है, जो सरकारी बैंक में संविदा पर काम करती थी। उसकी आईडी पर ही …

बरेली, अमृत विचार। आधार कार्ड संशोधन के नाम पर दूसरे की तस्वीर हटाकर उसका आधार नंबर प्रयोग कर फर्जी आधार कार्ड और जाति प्रमाणपत्र बनाने वाले गैंग के चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक युवती भी शामिल है, जो सरकारी बैंक में संविदा पर काम करती थी। उसकी आईडी पर ही सालों से यह फर्जीवाड़ा किया जा रहा था। पुलिस को आरोपियों के पास से कई फर्जी आधार कार्ड समेत अन्य प्रमाण पत्र मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर कर जेल भेज दिया।

प्रेमनगर के शास्त्री नगर निवासी कासिम अहमद ने बारादरी पुलिस से एजाजनगर गौटिया में स्थित जनसेवा केंद्र से फर्जी आधार कार्ड और राशन कार्ड बनाए जाने की शिकायत की थी। उसकी सूचना पर पुलिस और एसओजी ने दबिश देकर गुरुवार को वहां से मोहम्मद कामरान निवासी शास्त्रीनगर, एजाजनगर के जीशन, कांकर टोला के फैजान खान और रोहली टोला की सना खान को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने जब पूछताछ की तो पता चला सना वक्रांती कंपनी के माध्यम से रामपुर गार्डन स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में आधार कार्ड बनाने और संशोधित करने का काम करती थी।

पूछताछ में उसने बताया कि तीन साल पहले उसकी पहचान जीशान से हुई थी। इसके बाद जीशान ने उसका आईडी और पासवर्ड ले लिया था। वह अपने जनसेवा केंद्र से फर्जी आधार कार्ड और जाति प्रमाणपत्र बनाने लगा। उसका दोस्त कामरान और फैजान भी मिलकर लोगों का आधार और जाति प्रमाणपत्र बनाने लगे। वह दूसरे के आधार का बार कोड और नंबर लेकर यह काम कर रहे थे। इसके लिए वह प्रति कार्ड एक हजार रुपये लोगों से लिया करते थे।

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया तो उनके पास से चार लैपटॉप, चार मोबाइल, 35 आधार कार्ड, दो बायोमैट्रिक डिवाइस, दो क्रेडिट कार्ड मशीन समेत कई दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।

फर्जी तरीके से आधार कार्ड और जाति प्रमाणपत्र बनाए जा रहे थे। पुलिस ने एक युवती समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गयामुकेश प्रताप सिंह, एसपी क्राइम।

यह भी पढ़ें- बरेली: बोर्ड परीक्षा में फेल विद्यार्थी 25 तक कंपार्टमेंट के लिए कर सकेंगे आवेदन

संबंधित समाचार