बागेश्वर: अतिवृष्टि से मुनार मार्ग ध्वस्त, 11 सड़कें बंद
बागेश्वर, अमृत विचार। जिले में बारिश का सिलसिला जारी है। कपकोट में अतिवृष्टि होने से मुनार मार्ग ध्वस्त हो गया है। इसके अलावा जिले में 11 सड़कें अब भी बंद हैं। इसमें 10 आंतरिक और एक मुख्य मार्ग है। आपदा के कारण बिजली और पानी का भी संकट बना हुआ है। सड़क में पेड़ गिरने …
बागेश्वर, अमृत विचार। जिले में बारिश का सिलसिला जारी है। कपकोट में अतिवृष्टि होने से मुनार मार्ग ध्वस्त हो गया है। इसके अलावा जिले में 11 सड़कें अब भी बंद हैं। इसमें 10 आंतरिक और एक मुख्य मार्ग है। आपदा के कारण बिजली और पानी का भी संकट बना हुआ है। सड़क में पेड़ गिरने से शिक्षक और छात्र जान हथेली पर रखकर स्कूल पहुंच रहे हैं। रात में अधिक बारिश होने से लोग दहशत में हैं।
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात हुई बारिश से कांडा तहसील के कांडेकन्याल निवासी कुंती देवी तथा काफलीगैर तहसील के कराला पालड़ी निवासी मोहन सिंह का मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। राजस्व विभाग की टीम ने मौका मुआयना कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को दे दी है।
इसके अलावा गरुड़, जखेगड़ागगनीगांव, पलानी, भगदानू, सुराग, फरसाली, नानी किरौली में विद्युत आपूर्ति ठप है। यहां के लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नैकाना खुमटिया पेयजल योजना के तहत बालीघाट के पास पेड़ गिरने से नैकानाखुमटिया, कलारोबैगांव पेयजल योजना के पाइप नदी में बह गए हैं। यहां पानी का संकट बना हुआ है। नगर में गंदा पानी लोगों के नलों के माध्यम से लोगों के घरों तक पहुंच रहा है।
ये मार्ग हैं अब भी बंद
– थुड़ाई-मीहिनिया
– डाकघट-लमचूला
– असों-बसकूना
-कपकोट-पिंडारी
– असों-दोफाड़
– कपकोट-पोलिंग
– कमेड़ीदेवी-स्यांकोट
– दूणी-सुकुंडा
– शामा-नाकुड़ी
– बदियाकोट
– कपकोट-कर्मी
