बरेली: गड्ढों में भरी मिट्टी, बारिश में निकलना और हो गया मुश्किल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। शहर के प्रमुख स्थानों अलखनाथ मंदिर, हार्टमन, सांई बाबा मंदिर के पास पीडब्ल्यूडी की सड़क राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। जगह-जगह हुए गड्ढे से आए दिन कोई न कोई हादसे का शिकार होता है। शुक्रवार से सांई बाबा मंदिर के पास सड़क के गड्ढे भरे जाने शुरू कर …

अमृत विचार, बरेली। शहर के प्रमुख स्थानों अलखनाथ मंदिर, हार्टमन, सांई बाबा मंदिर के पास पीडब्ल्यूडी की सड़क राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। जगह-जगह हुए गड्ढे से आए दिन कोई न कोई हादसे का शिकार होता है। शुक्रवार से सांई बाबा मंदिर के पास सड़क के गड्ढे भरे जाने शुरू कर दिए गए हैं, लेकिन शनिवार को निर्माण के चलते राहगीरों को घंटों कीचड़ में फंसना पड़ा। शहर का सबसे व्यस्तम अलखनाथ, हार्टमन, सांई बाबा मंदिर मार्ग वर्षों से अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहे हैं।

बारिश की शुरुआत हो गई है, लेकिन पीडब्ल्यूडी अनजान है। गत दिवस सांई बाबा मंदिर के पास टेंपो पलटने से दो छात्र घायल हो गए थे। इसकी शिकायत जब डीएम से की गई तो अधिशासी अभियंता ने मामला संज्ञान में लिया और शुक्रवार को गड्ढों को भरवाना शुरू कर दिया। शनिवार की सुबह बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिस वजह से मार्ग पर जो मिट्टी और गिट्टी डाली गई थी, वह कीचड़ में तब्दील हो गई। जिस वजह से कई वाहन कीचड़ में फंसते नजर आए और घंटों जाम की स्थिति बनी रही।

सड़क की मरम्मत होने में करीब दो से तीन दिन तक लगेंगे। वहीं, अलखनाथ मंदिर मार्ग की हालत अभी भी बद से बदतर बनी हुई है। हर 50 कदम पर गड्ढे हैं, जिस वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। ऐसा नहीं कि विभागीय अधिकारी इस समस्या से अनजान हैं, बावजूद समस्या का निस्तारण नहीं कराया जा रहा है। बारिश ने दस्तक दे दी है, लेकिन जिम्मेदार हाथ पर हाथ रखे बैठे हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार गड्ढे भरवाए जाते हैं। कुछ दिन बाद समस्या जस की तस हो जाती है। कुदेशिया पुल का भी हाल बेहाल है। यहां पर सड़क के बीचों बीच सरिया दिखने लगे हैं। जरा सी नजर चूकने पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

नारायण सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडीृ
शहर के मार्गों को सही कराए जाने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। बजट स्वीकृत होते ही काम कराया जाएगा, वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बरेली: जामुन हुआ महंगा, 140 से 160 रुपये किलो तक बिक रहा

संबंधित समाचार