हल्द्वानी: नो पार्किंग में भी हो गया अतिक्रमण
हल्द्वानी, अमृत विचार। बाजार एक बार फिर अतिक्रमण की जद में है और इस बार दुस्साहस ये है कि पुलिस ने जहां जुर्माना और नो पार्किंग के बोर्ड लगाए लोगों ने वहीं अतिक्रमण कर लिया। कुछ ने दुकानें लगाकर अतिक्रमण किया तो बाकियों ने सड़क पर अवैध पार्किंग बना ली। अब आलम ये है कि …
हल्द्वानी, अमृत विचार। बाजार एक बार फिर अतिक्रमण की जद में है और इस बार दुस्साहस ये है कि पुलिस ने जहां जुर्माना और नो पार्किंग के बोर्ड लगाए लोगों ने वहीं अतिक्रमण कर लिया। कुछ ने दुकानें लगाकर अतिक्रमण किया तो बाकियों ने सड़क पर अवैध पार्किंग बना ली। अब आलम ये है कि पुलिस भी मौन हो चुकी है।
करीब तीन माह पहले पुलिस ने शहर के मुख्य बाजार में व्याप्त अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के लिए व्यापक मुहिम चलाई थी। बाजार में ठेली वालों के दाखिल होने पर प्रतिबंध लगा दिया था। साथ ही स्थायी दुकानों के बाहर लगने वाले फड़ भी हटाने के निर्देश दिए थे।
कहा था कि बाजार आने वाले ग्राहक अब अपने वाहनों को रामलीला मैदान में बनी पार्किंग में पार्क करेंगे और यह नियम बाजार के व्यापारियों पर लागू होगा। हालांकि इतनी जद्दोजहद के बाद हासिल कुछ नहीं हुआ। अब आलम ये है कि पुलिस ने पटेल चौक स्थित पार्क और आस-पास नो पार्किंग को बोर्ड लगाए और उस पर ये भी अंकित किया कि यहां वाहन पार्क करने वालों से पांच सौ रुपए जुर्माना भी वसूला जाएगा।
हद तो तब हुई जब लोगों ने उसी जमीन को अवैध पार्किंग बना दिया, जिस जमीन पर पुलिस ने अपने बोर्ड लगाए थे। कमोबेश यही हालत पूरे बाजार में है। फड़ वाले अपने पुराने स्थानों पर काबिज हो चुके हैं और ठेली वाले घूम-घूम कर धमाचौकड़ी मचा रहे हैं। पटेल चौक पर बनी अवैध पार्किंग से सड़क इतनी संकरी हो चुकी है कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है और इसका खामियाजा सिर्फ राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।
पुलिस के गले की फांस बना बॉटल नेक
हल्द्वानी। शहर का बॉटल नेक यानी सिंधी चौराहे से मिनी स्टेडियम चौराहे तक की सड़क को अतिक्रमण मुक्त करना डीआईजी निलेश आनंद भरणे की प्राथमिकता में भी था। इसके लिए खुद डीआईजी ने कई बार बॉटल नेक का निरीक्षण किया। जिसके बाद पुलिस ने इसे अतिक्रमण मुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन बॉटल नेक अतिक्रमण से मुक्त नहीं हो पाया।
नहर कवरिंग रोड की फुटपाथ पर पार्किंग
हल्द्वानी। मुखानी चौराहे से काठगोदाम की ओर जाने वाली नहर कवरिंग रोड पर राहगीरों की सुविधा के लिए फुटपाथ बनाया गया, ताकि वे सड़क के बजाय सुरक्षित फुटपाथ पर चल सकें। हालांकि ऐसा आज तक नहीं हो पाया। फुटपाथ को कुछ लोगों ने स्थायी पार्किंग बना लिया है तो कुछ ने फुटपाथ पर दुकानें सजा ली है और राहगीर सड़क पर चलने को मजबूर हैं।
नैनीताल रोड पर सुबह शाम अभियान चलाया जा रहा है। बाजार में पुन: हुए अतिक्रमण को लेकर उच्चाधिकारियों के साथ बैठकर रणनीति बनाई जाएगी। बाजार को अतिक्रमणमुक्त करना हमारी प्राथमिकता है।
-विभा दीक्षित, सीओ यातायात
