खटीमा: बकाया मांगने पर भूसा कारोबारी को मारी गोली, मचा हड़कंप
खटीमा, अमृत विचार। भूसे के पैसा मांगना एक कारोबारी पर भारी पड़ गया। भूसे का रेपर बनाने के कारोबारी को एक व्यक्ति ने गोली मार कर घायल कर दिया। गोली दांये पांव से आरपार निकल गई। जिसे गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वंडिया …
खटीमा, अमृत विचार। भूसे के पैसा मांगना एक कारोबारी पर भारी पड़ गया। भूसे का रेपर बनाने के कारोबारी को एक व्यक्ति ने गोली मार कर घायल कर दिया। गोली दांये पांव से आरपार निकल गई। जिसे गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वंडिया फार्म निवासी 46 वर्षीय घायल भूसा कारोबारी मुकेश सिंह ने बताया कि वह क्षेत्र में किसानों के खेतों में भूसे का रेपर बनाने का कारोबार करता है। बीते तीन माह पहले उसने भगचुरी गांव में एक ग्रामीण के खेत में 9 ट्राली भूसा बनाया। जिसकी कीमत करीब 18 हजार रुपये थी। आरोपी ग्रामीण ने उसे भूसा बनाने के करीब 5-6 हजार रुपये दे दिए थे, शेष पैसे की मांग वह करता रहा। बार-बार वह उसे टाला जा रहा था।
आरोप लगाया कि बुधवार की शाम करीब 4-5 बजे वह आरोपी के घर पर गया और भूसा बनाने के शेष पैसे देने की मांग की। इस पर आरोपी ने पिस्टल निकाल ली और फायर कर दिया। उसने बचाव में हाथ मारा तो गोली बांये पांव को छेदकर आगे निकल गई। बताया कि आरोपी उसके दूर का रिश्तेदार है।
सूचना पर सत्रहमील चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मुकेश को 108 सेवा से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. केसी पंत ने प्राथमिक उपचार किया।
डॉ. पंत ने बताया कि गोली पांव के आर-पार हो गई है। घायल की हालत स्थिर है। इस मामले में दोपहर बाद तक पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी गई थी। एसएसआई देवेंद्र गौरव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
