पीलीभीत: मॉर्निंग वॉक करने गए युवक की ट्रक की टक्कर से मौत, चालक ट्रक लेकर फरार, कार्रवाई में जुटी पुलिस
पीलीभीत,अमृत विचार। घर से टहलने निकले युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। असम हाईवे पर हुए हादसे की सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मामले में कार्रवाई के लिए परिजन से …
पीलीभीत,अमृत विचार। घर से टहलने निकले युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। असम हाईवे पर हुए हादसे की सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मामले में कार्रवाई के लिए परिजन से तहरीर मांगी गई है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के बरहा गांव निवासी चंद्रपाल खेती करते हैं। उनका 20 वर्षीय पुत्र रवि रोज की तरह शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर गया था। असम हाईवे पर पहुंचते ही उसे तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुआ और चंद मिनट में ही मौके पर मौत हो गई। यह देख चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया। लहूलुहान हालत में शव पड़ा देख कुछ ही देर में राहगीर जमा हो गए। इसकी सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। शव की शिनाख्त कर परिजन को सूचना दी गई तो वह भी आ गए।
जिसके बाद जानकारी करते हुए पुलिस ने आगे की कार्रवाई की। उधर, जवान बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा रहा। हर किसी का रोकर बुरा हाल रहा। रिश्तेदार और परिचित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। परिजन ने बताया कि मृतक की शादी एक साल पहले ही शाहजहांपुर से हुई थी।
पति की मौत का पता लगते ही पत्नी शालू का रोकर बुरा हल रहा। एक पल में परिवार का खुशनुमा माहौल मातम में तब्दील हो गया। इंसपेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: अभिलेख अधूरे मिलने पर गुस्साए बीएसए ने लगाई फटकार
