मेरठ: अवैध कैसिनो पर पुलिस ने की छापेमारी, विदेशी युवतियों समेत 43 गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में एसओजी टीम ने एक फार्म हाउस पर छापा मारकर अवैध रूप से चलने वाले डिजिटल केसिनो से जुआ खेलते हुए विदेशी युवतियों समेत 43 लोगों को गिरफ्तार किया है, इसमें गुजरात का एक हीरा कारोबारी भी शामिल है। पुलिस ने मौके से करीब छह लाख रुपये कैश, दर्जनों लग्जरी …

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में एसओजी टीम ने एक फार्म हाउस पर छापा मारकर अवैध रूप से चलने वाले डिजिटल केसिनो से जुआ खेलते हुए विदेशी युवतियों समेत 43 लोगों को गिरफ्तार किया है, इसमें गुजरात का एक हीरा कारोबारी भी शामिल है। पुलिस ने मौके से करीब छह लाख रुपये कैश, दर्जनों लग्जरी कारें, मोबाईल फोन और बड़ी संख्या में ताश आदि बरामद किये हैं।

पकड़े गये युवक दिल्ली, गुजरात, उत्तराखंड, गाजियाबाद और कई अन्य इलाकों के बताये गये हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक यादव ने आज यहां बताया कि परतापुर क्षेत्र के वेदव्यासपुरी स्थित ओक ट्री फार्म हाउस में अवैध कसीनो में जुआ खेलने की सूचना पर उनके नेतृत्व में एसओजी की टीम ने रविवार को तड़के करीब सवा तीन बजे छापा मारा। उन्होंने बताया कि जुआ खिलाने के लिए नेपाल समेत अन्य देशों से लड़कियों को बुलाया गया था।

टीम ने छापेमारी के दौरान कुल 43 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 34 पुरुष और 9 विदेशी युवतियां शामिल हैं। आरोप है कि पकड़े गए लोगों में कई राजनीतिक दलों से संबंधित सफेदपोश रईसजादे भी शामिल हैं। यादव ने बताया कि छापे में टीम को शराब की बोतलें और हुक्के भी बरामद हुए हैं। उन्होंने इस फार्म हाऊस पर काफी समय से जुए का अवैध कारोबार चलने की आशंका से इंकार नहीं किया है।

उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित थाना पुलिस को बिना बताए एसओजी ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। यादव ने बताया कि पकड़े गये लोगों से पूछताछ जारी है और उनसे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य कहां और किस शहर में मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि इसी के आधार पर कुछ अन्य जगहों पर भी छापामार कार्रवाई की जा सकती है।

यह भी पढ़ें:-बहराइच : खाद की दुकानों में हुई बड़ी छापेमारी, गड़बड़ी मिलने पर जानिए किसका लाइसेंस हुआ निलंबित

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज