हल्द्वानी: 61 विद्यालयों में 10965 विद्यार्थियों को लगेगा दिमागी बुखार का टीका
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार यानि आज से दिमागी बुखार यानि इन्सेफेलाइटिस का टीका लगाने का अभियान शुरू हो गया। पहले दिन स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 10965 विद्यार्थियों को यह टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए 61 विद्यालयों में शिविर लगाने की योजना है। 15 साल तक के छात्र-छात्राओं को यह टीका लगाया …
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार यानि आज से दिमागी बुखार यानि इन्सेफेलाइटिस का टीका लगाने का अभियान शुरू हो गया। पहले दिन स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 10965 विद्यार्थियों को यह टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए 61 विद्यालयों में शिविर लगाने की योजना है। 15 साल तक के छात्र-छात्राओं को यह टीका लगाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग का दिमागी बुखार के खतरे से बच्चों को सुरक्षित करने के लिए वृहद टीकाकरण अभियान शुरू कर रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि जिले में तीन चरणों में इस अभियान को पूरा किए जाने की योजना है। पहले चरण में निजी व सरकारी विद्यालयों को लिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम चिन्हित किए गए विद्यालयों में पहुंचकर शिविर लगाएगी और अभिभावकों व स्कूल प्रबंधन के सहयोग से बच्चों को यह टीका लगाए जाएंगे। पहले दिन हल्द्वानी, लालकुआं, मोटाहल्दू, कोटाबाग, रामनगर में स्कूलों में शिविर लगेंगे। सबसे ज्यादा शिविर मोटाहल्दू क्षेत्र में लगाए जा रहे हैं, जबकि हल्द्वानी में दो हैं। नैनीताल में कोई शिविर नहीं लगेगा। पूरे अभियान में दो लाख बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। दूसरे चरण में आंगनबाड़ी और तीसरे चरण में स्वास्थ्य केंद्रों में दिमागी बुखार का टीका लगाने की योजना है।
कहां कितने विद्यालयों में लगेंगे टीके
कहां कितने
हल्द्वानी 02
रामनगर 03
कोटाबाग 10
बेलपड़ाव 10
मोटाहल्दू 35
लालकुआं 01
हल्द्वानी और रामनगर में यहां लगेंगे टीके
हल्द्वानी में
1. सेंट थेरेसा स्कूल
2. सेंटपॉल स्कूल
रामनगर में
1. जीआईसी
2. जीजीआईसी
3. एमपीआईसी
कितना खतरनाक है दिमागी बुखार
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय बताते हैं कि जापानीज इन्सेफेलाइटिस के नाम से जाना जाने वाली यह बीमारी 15 साल तक के बच्चों के लिए खतरा बनती है। मच्छर जनित यह बीमारी दिमाग को प्रभावित करती है। इससे आजीवन विकलांगता और जान जाने का खतरा भी रहता है।
नियमित टीकाकरण को जानें
डॉ. अजय शर्मा बताते हैं कि नियमित टीकाकरण में बच्चों को जापानीज इन्सेफेलाइटिस वैक्सीन की पहली डोज 9 माह व दूसरी डोज 16-24 माह में दी जाएगी। इसके लिए जरूरी है कि माता पिता भी बच्चों के प्रति इस बीमारी को लेकर गंभीरता दिखाएं और उन्हें टीका जरूर लगवाएं।
दिमागी बुखार का टीकाकरण अभियान सोमवार से शुरू है। स्कूलों से इसकी शुरुआत हो रही है। अभिभावक और स्कूल प्रबंधन के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग दो लाख से ज्यादा बच्चों को टीका लगा सकेगा। पहले दिन 11 हजार के करीब बच्चों को टीका लगाया जाना है।- डॉ. भागीरथी जोशी, सीएमओ
