बागेश्वर: आपदा से सात सड़कें बंद, एक मकान क्षतिग्रस्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बागेश्वर, अमृत विचार। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिले के सभी विद्यालय बंद रहे। पुलिस प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे नहीं जाने की हिदायत दी। आपदा कंट्रोल में तैनात सभी कर्मचारी अलर्ट मोड पर रहे। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिले के स्कूलों को बंद करने के निर्देश जिलाधिकारी ने मंगलवार को …

बागेश्वर, अमृत विचार। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिले के सभी विद्यालय बंद रहे। पुलिस प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे नहीं जाने की हिदायत दी। आपदा कंट्रोल में तैनात सभी कर्मचारी अलर्ट मोड पर रहे।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिले के स्कूलों को बंद करने के निर्देश जिलाधिकारी ने मंगलवार को ही दे दिये थे। इस कारण बुधवार को जिले के सभी विद्यालय बंद रहे। सुबह के समय हल्की बारिश हुई। दोपहर तीन बजे बाद एकाएक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। भारी बारिश से नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया।

जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बारिश से कपकोट तहसील के शामा निवासी पुष्पा देवी का मकान तीक्ष्ण क्षतिग्रस्त हो गया है। परिवार के चार सदस्य उसी मकान में रह रहे हैं। जबकि सात आंतरिक सड़कें बंद हैं। मार्ग पर मलबा आने और भूस्खलन के कारण अधिकतर सड़कें बंद हैं।

नहीं मिली सरयू में बही महिला
बागेश्वर। सरयू नदी में बही महिला का चौथे दिन भी पता नहीं चल सका। पुलिस ने बुधवार की सुबह छह से दस बजे तक रेस्क्यू अभियान चलाया लेकिन सफलता नहीं मिली। मालूम हो कि रविवार को स्याल डोबा निवासी ज्योति और उसकी चाची जीवंती सरयू नदी में बह गये थे। ज्योति का शव दूसरे दिन मिल गया जबकि जीवंती का आज तक पता नहीं चल सका है। पुलिस की एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीम लगातार रेस्क्यू कर रही है लेकिन सफलता नहीं मिली है।

ये सड़कें हैं बंद
– बागेश्वर- दफौट
– थुड़ाई- मिहिनिया
– सौंग-खलीधार
– कपकोट- कर्मी
– शामा-लीती
– रिखाड़ी- बाछम
– नामतीचेटाबगड़ मार्ग

नदी किनारे नहीं जाने की दी हिदायत
बागेश्वर। मौसम विभाग से मिली चेतावनी के बाद जिले की पुलिस ने नदियों के तट पर रहने वाले परिवार व आम लोगों को लाउड स्पीकर द्वारा जागरूक किया। लोगों को नदी किनारे नहीं जाने की हिदायत दी। किसी भी प्रकार की आपदा होने पर जिला आपदा कंट्रोल रूम 9760136234, पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 व पुलिस कंट्रोल रूम बागेश्वर 9411112983 को बताने की अपील की है।

संबंधित समाचार