हल्द्वानी: कैदी की मौत पर देवर-भाभी और जेल कर्मियों पर केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एनआई एक्ट में सब जेल में बंद कैदी की पिछले माह जून में इलाज के दौरान एसटीएच में मौत हो गई थी। इस मामले में अब पुलिस ने कैदी के खिलाफ केस दर्ज कराने वाले युवक पर केस दर्ज कर लिया है। इस केस में युवक की भाभी और जेल कर्मचारियों को …

हल्द्वानी, अमृत विचार। एनआई एक्ट में सब जेल में बंद कैदी की पिछले माह जून में इलाज के दौरान एसटीएच में मौत हो गई थी। इस मामले में अब पुलिस ने कैदी के खिलाफ केस दर्ज कराने वाले युवक पर केस दर्ज कर लिया है। इस केस में युवक की भाभी और जेल कर्मचारियों को भी आरोपी बनाया गया है।

पंजाबी सराय काशीपुर ऊधमसिंहनगर निवासी गुलनाज परवीन ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उनके पिता स्व.मोहम्मद अयूब के खिलाफ वर्ष 2013 में एनआई एक्ट के मामले में सजा हुई थी। अयूब पर ये केस कानूनगोयान काशीपुर ऊधमसिंहनगर निवासी खुशाल अरोड़ा ने दर्ज कराया था। इस मामले में अयूब को बीती 4 जून को हल्द्वानी सब जेल में बंद किया गया था।

गुलनाज का आरोप है कि उनके पिता अयूब जेल से खबर भेज रहे थे कि उन्हें जेल में प्रताड़ित किया जा रहा है। वह बीमार हैं और इलाज भी नहीं कराया जा रहा है। अयूब ने ये भी बताया कि उन्हें खुशाल अरोड़ा व उसकी भाभी जान से मरवाने की धमकी दे रही है। बीती 19 जून को मेहन्दी हसन और अयूब की साली उजला सुल्ताना अयूब से मिलने जेल हल्द्वानी पहुंची तो अयूब को व्हील चेयर पर लाया और वह बात नही कर पा रहे थे। उनके पैरो में सूजन थी।

उसी दिन अयूब को जेल प्रशासन ने सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। परिजन जब सूचना पर अस्पताल पहुंचे तो अयूब के पैर में चोटें थी, पैर सूजे थे और गुर्दे पर भी सूजन थी। आरोप है कि जेल में उनके साथ मारपीट की गई, जिसकी वजह से उनकी मौत हुई।

जेल में बंदी की सुरक्षा नही की और समय अस्पताल नही पहुंचाया। इस मौत को जेल कर्मचारियों की लापरवाही के साथ खुशाल अरोड़ा व उसकी भाभी पर षड़यन्त्र का आरोप लगाया। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर खुशाल, खुशाल की भाभी व अज्ञात जेल कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

संबंधित समाचार