अमरोहा : गंगा नदी में डूबी महिला का 24 घंटे के बाद भी नहीं लगा सुराग
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। तहसील क्षेत्र के गांव गंगानगर में 20 लोगों के साथ टापू से हरा चारा लेकर लौटते वक्त नाव पलटने से गंगा में डूबी महिला नन्हीं की तलाश दिन निकलते ही शुरू हो गई। परंतु अभी तक महिला का कोई पता नहीं चल सका है। बता दें कि गुरुवार सुबह रहरा थाना क्षेत्र …
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। तहसील क्षेत्र के गांव गंगानगर में 20 लोगों के साथ टापू से हरा चारा लेकर लौटते वक्त नाव पलटने से गंगा में डूबी महिला नन्हीं की तलाश दिन निकलते ही शुरू हो गई। परंतु अभी तक महिला का कोई पता नहीं चल सका है।
बता दें कि गुरुवार सुबह रहरा थाना क्षेत्र के गांव गंगानगर के पास हुआ था। गांव गंगानगर निवासी 20 महिला व पुरूष किसान गंगा के टापू के खेतों से हरा चारा लेकर नाव से घर लौट रहे थे। अचानक बीच गंगा में नाव पलट गई। नाव पर सवार प्रदीप व उसकी पत्नी नन्ही, प्रीतम की बेटी अंजू व आरती तथा बेटा आनंद, रघुवीर की पत्नी मंजू व बेटे जसवीर व ओमकार, रघुनाथ पुत्र होराम, माया पत्नी शीशराम, सुरेंद्र पुत्र चोखा, सुनीता पुत्री रमेश, ममता पत्नी सेवक, शीशपाल व पिंकी समेत सभी 20 लोग गंगा में डूबने लगे।
चीख पुकार सुनकर आस पास खेतों पर काम कर रहे किसान व ग्रामीणों ने 19 लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया। लेकिन 35 वर्षीय नन्ही लापता हो गई। देर शाम तक उसकी तलाश की गई। अंधेरा होने के कारण गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन बंद कर दिया। वही, शुक्रवार को दिन निकलते ही फिर से गोताखोरों के द्वारा उसकी तलाश शुरू कर दी गई। शुक्रवार को करीब एक बजे तक नन्हीं के परिजन व ग्रामीण गंगा तट पर मौजूद हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अभी तक नन्हीं का कोई सुराग नहीं लग सका है।
वहीं, गंगा में डूबकर हुई लापता महिला के पति प्रदीप ने बताया कि वह मूल रूप से रहरा थाना क्षेत्र के गांव सिमथला का रहने वाला है। करीब 6 साल से वह अपनी ससुराल गंगानगर में आकर बस गया था। गुरुवार की सुबह वह अपनी पत्नी नन्हीं तथा गांव के कुछ युवकों तथा महिलाओं के साथ गंगा के टापू से घास काटने गए थे।
वापस आते समय 20 लोगों से भरी नाव गंगा में डूब गई। जिसमें उसकी पत्नी नन्ही अभी भी लापता है। 24 घंटे बीतने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा है। फिलहाल गंगा में गोताखोरों की मदद से तलाश कराई जा रही है। वही,बेटा शिवम बेटी शिवानी,सुनीता,कविता का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : मंदिर के ताले तोड़कर दान पात्र से हजारों की चोरी, दी तहरीर
