हल्द्वानी: कोमा में बेस अस्पताल का आईसीयू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लक्ष्मण मेहरा, हल्द्वानी। सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल के आईसीयू वार्ड को लंबे समय से डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की दरकार है। अस्पताल प्रशासन शासन से कई बार इस संबंध में पत्राचार कर चुका है, लेकिन अब तक इसकी सुध नहीं ली गई। जिस कारण आईसीयू वार्ड बदहाल हालत में है। बेस अस्पताल के इंटेंसिव …

लक्ष्मण मेहरा, हल्द्वानी। सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल के आईसीयू वार्ड को लंबे समय से डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की दरकार है। अस्पताल प्रशासन शासन से कई बार इस संबंध में पत्राचार कर चुका है, लेकिन अब तक इसकी सुध नहीं ली गई।

जिस कारण आईसीयू वार्ड बदहाल हालत में है। बेस अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) वार्ड में लगभग 9 बैड हैं, इसे बनाने में करीब एक करोड़ रुपये का व्यय हुआ। एचएल नामक कंपनी को इसके निर्माण का ठेका दिया गया, जिसने वर्ष 2021 में निर्माण पूरा कर आईसीयू को अस्पताल प्रशासन के सुपुर्द कर दिया।

तब तक से लेकर आज तक यह बंद पड़ा है। अस्पताल प्रशासन इस संबंध में शासन को कई बार डाक्टरों व स्टॉफ की नियुक्ति करने के लिए पत्र भेज चुका है, लेकिन कोई नियुक्ति नहीं हो पाई। हालात यह हैं कि आईसीयू वार्ड में लगे उपकरण धूल फांक रहे हैं।

गंभीर मरीज हो रहे रेफर
आईसीयू वार्ड बंद होने से बेस अस्पताल में आने वाले गंभीर मरीजों को अन्यत्र रेफर कर दिया जाता है। इससे मरीजों व उनके तीमारदारों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। डाक्टर व स्टाफ की नियुक्ति को लेकर शासन से अभी कोई स्थिति साफ नहीं है।

आईसीयू वार्ड में डॉक्टर और स्टाफ की कमी है। इसको लेकर समय-समय पर हम शासन को पत्र भेजकर मांग कर रहे हैं। डाक्टर व स्टाफ मिलने पर आईसीयू वार्ड शुरू कर दिया जायेगा।
– सविता हयांकी, सीएमएस बेस अस्पताल

आईसीयू वार्ड के एसी का पाइप चोरी
आईसीयू वार्ड में लगे उपकरणों की सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है। हालत यह है कि वार्ड में लगे एसी का पाइप चोरी हो चुका है। मामले में अस्पताल प्रशासन ने चोर के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। बावजूद इसके वहां पर कोई सुरक्षा गार्ड की तैनाती नहीं की गई है।

संबंधित समाचार