गोंडा: भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई सड़क, चार साल में बदहाल हुआ 4.75 करोड़ की लागत से बना मार्ग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा। जिले के मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के कस्बा देवरिया अलावल स्थित सरयू नहर की पटरी पर बग्गी रोड से बनकसिया शिव रतन सिंह गांव तक बनाई गई सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। 4.75 करोड रुपए की लागत से बनी यह 6 किलोमीटर लंबी सड़क 4 साल के भीतर ही ध्वस्त हो गई। हालत यह …

गोंडा। जिले के मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के कस्बा देवरिया अलावल स्थित सरयू नहर की पटरी पर बग्गी रोड से बनकसिया शिव रतन सिंह गांव तक बनाई गई सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। 4.75 करोड रुपए की लागत से बनी यह 6 किलोमीटर लंबी सड़क 4 साल के भीतर ही ध्वस्त हो गई। हालत यह है यह पूरी सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है और इस पर से गुजरने वाले राहगीरों को तमाम दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।

गोंडा उतरौला मुख्य मार्ग पर स्थित देवरिया अलावल गांव के बगल से गुजरने वाली सरयू नहर की पटरी पर सड़क निर्माण के लिए वर्ष 2018 में स्वीकृति प्रदान की गई थी। मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी के प्रयास से स्वीकृत होने वाली इस 6 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए 4.75 करोड रुपए का बजट आवंटित किया गया था। वर्ष 2019 में यह सड़क बनकर तैयार हुई थी। सड़क बनने के बाद इसके आसपास के दर्जनों गांव को आवागमन में सहूलियत मिल गई थी।

इसके लोगों ने खूब सराहना भी की थी लेकिन खराब गुणवत्ता के चलते यह सड़क 4 साल के भीतर ही ध्वस्त हो गई। बग्गी रोड कस्बे से बनकसिया शिव रतन सिंह गांव तक बनाई गई इस सड़क पर अब सिर्फ गड्ढे ही गड्ढे बचे हैं। सड़क का नामोनिशान पूरी तरह से मिट चुका है। गड्ढों से भरी सड़क पर लोगों को आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और अक्सर लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं।

शनिवार को सड़क से गुजर रहे राहगीर चंद्रप्रकाश वर्मा, राजाराम, राम कैलाश, मोइनुद्दीन, अकबर अली, सलाहुद्दीन, विनोद कुमार व ओम प्रकाश ने बताया कि जब सड़क बनी थी तो लोगों में बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी थी। लेकिन यह सड़क इतनी खराब बनेगी इसका अंदाजा नहीं था। मात्र 4 साल के भीतर ही यह सड़क पूरी तरह से खत्म हो गई है। लोगों ने सड़क निर्माण कराने वाली कार्यदाई संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें:-समीक्षा बैठक में बोले जितिन प्रसाद- तय समय में पूरा कराएं सड़क निर्माण कार्य

संबंधित समाचार