हल्द्वानी: डेंगू-मलेरिया को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मानसून सीजन में डेंगू, मलेरिया व जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। विभागीय टीम जनपद स्तर पर व्यापक रूप से अभियान चलाकर लोगों को रोगों से बचने के लिए जागरुक कर रही है। हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी व रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य …

हल्द्वानी, अमृत विचार। मानसून सीजन में डेंगू, मलेरिया व जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। विभागीय टीम जनपद स्तर पर व्यापक रूप से अभियान चलाकर लोगों को रोगों से बचने के लिए जागरुक कर रही है।

हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी व रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार डेंगू व मलेरिया की स्क्रीनिंग तथा घरों का स्थलीय निरीक्षण कर रही है। निरीक्षण के दौरान टीम ने कई लोगों के घरों में रखे पानी के बर्तनों व कंटेनर को खाली कराया। साथ ही लोगों को जागरुक करते हुए घरों के आस-पास पानी एकत्रित न होने देने तथा बर्तनों, कूलर में पानी को निर्धारित समयवधि में बदलते रहने की अपील की, जिससे मच्छरों का लार्वा न पनप सके।

इधर एसीएमओ डा. रश्मि पंत ने बताया कि बरसात के समय जल जनित रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग नियमित घरों का सर्वे कर रहा है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में नगर निगम, जिला मलेरिया अधिकारी, जिला पंचायत व नगरपालिका द्वारा फॉगिंग का कार्य किया जा रहा है। आगामी समय में भी निरन्तर जनजागरूकता कैम्प व सर्वे का कार्य किया जाएगा।

162 लोगों के किए डेंगू व मलेरिया टेस्ट, सभी निगेटिव
मुख्य विकास अधिकारी डा. संदीप तिवारी ने बताया कि डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल के निर्देशानुसार 19 से 23 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग ने बंगाली कॉलोनी, बेलपड़ाव, 25 एकड़ लालकुआं, मदरसा इश्ताक उल हक क्षेत्र में शिविर लगाकर 162 लोगों के डेंगू व मलेरिया का परीक्षण किया जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है।

संबंधित समाचार