हल्द्वानी: गौला में सिल्ट से फिर बढ़ा पानी का संकट
हल्द्वानी, अमृत विचार। बारिश से गौला में आई सिल्ट से एक बार फिर से पानी की किल्लत शुरू हो गई। गौला से होने वाली पेयजल सप्लाई प्रभावित हो गई। शहर व गांव की करीब 60 फीसदी आबादी को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। जल संस्थान अधिकारियों का कहना है कि गंदा पानी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। बारिश से गौला में आई सिल्ट से एक बार फिर से पानी की किल्लत शुरू हो गई। गौला से होने वाली पेयजल सप्लाई प्रभावित हो गई। शहर व गांव की करीब 60 फीसदी आबादी को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
जल संस्थान अधिकारियों का कहना है कि गंदा पानी आने की वजह से यह दिक्कत आ रही है। हल्द्वानी शहर और ग्रामीण क्षेत्र की करीब दो लाख की आबादी को पीने के पानी के लिए गौला की सप्लाई होती है।
करीब 90 एमएलडी पानी सप्लाई किया जाता है। लालडांठ, दमुवाढूंगा, मुखानी, बरेली रोड, रामपुर रोड, डहरिया, कालाढूंगी रोड, नैनीताल रोड की कई कॉलोनियों में गौला के पानी की सप्लाई होती है।
इसमें कई क्षेत्र ऐसे हैं जहां के लोग गौला के पानी पर ही निर्भर हैं। बारिश के कारण इन क्षेत्रों में पानी कम पहुंच रहा है। जल संस्थान के सहायक अभियंता नीरज तिवारी ने बताया कि गौला की सप्लाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं हो पा रहा है। गौला में सिल्ट आने की वजह से पानी ज्यादा गंदा आ रहा है।
इस वजह से फिल्टर करने के दौरान ज्यादा पानी बर्बाद हो रहा है। इस वजह से 70 से 75 फीसदी पानी ही सप्लाई किया जा रहा है। जहां समस्या ज्यादा है, वहां टैंकरों के माध्यम से भी पानी की सप्लाई हो रही है।
