हल्द्वानी: डीएम साहब …पिछले साल अतिवृष्टि में बह गया था कॉजवे, बनवा दीजिए
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बुधवार को नैनीताल रोड स्थित कैंप कार्यालय में जनता दरबार लगाकर जन समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर राजस्व, अतिक्रमण, सड़क, विद्युत, पेयजल, पेंशन आदि से जुड़ी 52 शिकायतें दर्ज हुईं। डीएम ने सभी अधिकारियों को इन समस्याओं का निस्तारण कर रिपोर्ट जिला कार्यालय को सौंपने के निर्देश …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बुधवार को नैनीताल रोड स्थित कैंप कार्यालय में जनता दरबार लगाकर जन समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर राजस्व, अतिक्रमण, सड़क, विद्युत, पेयजल, पेंशन आदि से जुड़ी 52 शिकायतें दर्ज हुईं। डीएम ने सभी अधिकारियों को इन समस्याओं का निस्तारण कर रिपोर्ट जिला कार्यालय को सौंपने के निर्देश दिए।
डीएम गर्ब्याल के जनता दरबार में ककोड़ गांव के प्रधान डीकर सिंह ने कहा कि ओखलकांडा में मोटर मार्ग खनस्यूं से पतलोट, अमजड़, मीडार, रीठा साहिब, चंपावत ताकिल मोटर मार्ग में खुटका गधेरे में पिछले साल अक्टूबर में आई बारिश से कॉजवे बह गया था। इस वजह से ग्रामीणों को आवाजाही के साथ-साथ फल, सब्जी मंडी ले जाने में परेशानी हो रही है। पतलोट निवासी आन सिंह मटियाली ने बताया कि अटल उत्कृष्ट शहीद बहादुर सिंह मटियाली विद्यालय पतलोट के मुख्य द्वार एवं 900 मीटर चाहरदीवारी की डीएम से स्वीकृति के बाद भी अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ है।
श्रीराम कॉलोनी वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कहा कि ग्राम करायल चतुर सिंह में जयश्री राम कॉलोनी में सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। उन्होंने सड़क के डामरीकरण की मांग की। देवलचौड़ निवासी तारा देवी ने कहा कि पति परिवहन निगम में सहायक कोषाध्यक्ष के पद पर थे। वर्ष 2018 में उनकी मृत्यु हो गई लेकिन बेटे को नौकरी नहीं मिली। उन्होंने मृतक आश्रित कोटे से बेटे को नौकरी दिलवाने की मांग की। इस दौरान एडीएम अशोक जोशी, सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी, एमएनए पंकज उपाध्याय, एसडीएम मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, तहसीलदार संजय कुमार आदि मौजूद थे।
