हल्द्वानी: रंग बदलता रहा मौसम, कभी धूप कभी झमाझम बारिश
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार को मौसम का रंग सुबह से शाम तक बदलता रहा। कभी तेज धूप से लोगों के पसीने छूटते रहे तो कभी झमाझम बारिश ने लोगों को खूब भिगाया। हल्द्वानी में 45 मिमी तक बारिश हुई, जबकि जिले में 13 मिमी से ज्यादा औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई। गौला नदी का जलस्तर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार को मौसम का रंग सुबह से शाम तक बदलता रहा। कभी तेज धूप से लोगों के पसीने छूटते रहे तो कभी झमाझम बारिश ने लोगों को खूब भिगाया। हल्द्वानी में 45 मिमी तक बारिश हुई, जबकि जिले में 13 मिमी से ज्यादा औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई। गौला नदी का जलस्तर भी 1016 क्यूसेक रहा।
तड़के मौसम पूरी तरह से खुला था। बारिश की संभावनाएं कम लग रही थीं। सुबह 10 बजे तक मौसम ठीक था फिर अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब दस मिनट तक बारिश हुई। फिर 20 मिनट के ब्रेक के बाद फिर झमाझम बारिश शुरू हो गई। आधा घंटा जमकर बारिश होने के बाद साढ़े 11 बजे चटख धूप खिल गई। उसके बाद शाम चार बजे तक कभी धूप और कभी छांव भरा मौसम रहा। शाम को चार बजे फिर झमाझम बारिश हुई, जोकि लगातार देर शाम तक रही। इससे मौसम में अचानक ठंडक बढ़ गई।
मौसम के पूरे दिन इस तरह से रंग बदलने से लोगों को असुविधा भी हुई। धूप देख घर से निकले लोगों को अचानक बारिश होने की वजह से भीगना पड़ा। सोमवार को मौसम में न्यूनतम तापमान 25.5, जबकि अधिकतम 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को मौसम में गर्मी और कम होने की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही आज भी मौसम रंग बदला देखा जा सकता है।
जिले में कहां कितनी हुई बारिश
नैनीताल – 22.6
हल्द्वानी – 45
कोश्याकुटोली – 07
धारी – 04
बेतालघाट – 04
रामनगर – 00
कालाढूंगी – 09
मुक्तेश्वर – 04
पर्वतीय क्षेत्रों के मुकाबले तराई में ज्यादा बारिश
इस बार भाबर और तराई क्षेत्रों में पर्वतीय क्षेत्रों के मुकाबले ज्यादा बारिश हो रही है। हल्द्वानी क्षेत्र में पूरे जिले में सबसे ज्यादा बारिश हो रही है। नैनीताल में उससे कम और बाकी के पर्वतीय इलाकों में काफी कम वर्षा रिकार्ड की जा रही है।
