हल्द्वानी: कभी हड़ताल, कभी चुनाव…तीन-चार माह विलंब हो गई दाखिल खारिज प्रक्रिया
हल्द्वानी, अमृत विचार। नौ सूत्रीय मांगों को लेकर रजिस्ट्रार कानूनगो ने इस साल की शुरुआत में तकरीबन दो माह हड़ताल की। इस वजह से जनवरी और फरवरी में तहसीलों में दाखिल खारिज, खसरा-खतौनी अपग्रेडेशन, जनगणना, सांख्यिकीय आदि सभी विभागीय कार्य ठप पड़े थे। फिर 14 फरवरी को मतदान और 10 मार्च को मतगणना की वजह …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नौ सूत्रीय मांगों को लेकर रजिस्ट्रार कानूनगो ने इस साल की शुरुआत में तकरीबन दो माह हड़ताल की। इस वजह से जनवरी और फरवरी में तहसीलों में दाखिल खारिज, खसरा-खतौनी अपग्रेडेशन, जनगणना, सांख्यिकीय आदि सभी विभागीय कार्य ठप पड़े थे। फिर 14 फरवरी को मतदान और 10 मार्च को मतगणना की वजह से सभी लेखपाल व रजिस्ट्रार कानूनगो की ड्यूटी चुनाव में लगा दी गई। इस वजह से इस साल की पहली तिमाही में काम बिल्कुल भी नहीं हुआ।
नतीजा, दाखिल खारिज, खसरा खतौनी अपग्रेडेशन संबंधी सभी अन्य काम तीन-चार माह विलंब हो गए। अमूमन तीन-चार माह में भूमि की दाखिल खारिज प्रक्रिया पूरी हो जाती है लेकिन हड़ताल की वजह से ये सभी काम लंबित पड़े हैं। उदाहरण के लिए जिन लोगों ने मार्च में भूमि क्रय की थी लेकिन चार माह बाद जुलाई बीतने के बाद भी दाखिल खारिज नहीं हो सकी है। लोग दाखिल खारिज व भूमि के अन्य कार्यों के लिए तहसील के चक्कर काट रहे हैं। वहीं तहसील में अरजनवीस वगैरह लोगों को अभी तीन-चार माह का इंतजार करने की बात कह रहे हैं ऐसे में लोगों की धन, समय दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
मैंने अप्रैल की शुरुआत में हरिपुर कुंवर सिंह में भूमि क्रय की थी। अब चार माह बीत चुके हैं लेकिन अभी तक दाखिल खारिज नहीं हो चुकी है। तहसील से पता चला कि हड़ताल की वजह से मामले लंबित हैं, अभी तीन-चार माह का समय और लग सकता है। – एनडी बहुगुणा निवासी नैनीताल
होली के समय ही फतेहपुर में ही भूमि क्रय की थी तब चुनाव की वजह से काम नहीं हुआ था। हाल ही में तहसील गया तो पता चला कि अभी दो-तीन माह का समय और लगेगा। एक दाखिल खारिज के लिए चक्कर काटकर परेशान हो गया हूं। – आरके सांगुड़ी निवासी लामाचौड़
तो इसलिए बढ़े भूमि क्रय में फर्जीवाड़े के मामले
आयुक्त दीपक रावत ने हाल ही में सभी तहसीलों में दाखिल खारिज करते समय अपग्रेडेशन करने के निर्देश दिए थे। आशंका जताई जा रहा है कि भूमाफियाओं ने समय से दाखिल खारिज नहीं होने का फायदा उठाया और एक ही भूखंड को कई लोगो को बेच दिया। इससे भू खरीद में फर्जीवाड़े के मामले में वृद्धि हुई है।
अभी नहीं सुधरे हालात…अब पटवारियों का अतिरिक्त चार्ज से इंकार
रजिस्ट्रार कानूनगो के बाद अब पटवारियों की हड़ताल शुरू हो गई है। 30 जून से सभी पटवारियों ने अतिरिक्त सर्किल का काम करने से इंकार कर दिया है। यह फैसला प्रदेश स्तरीय है इसलिए जिले, हल्द्वानी सबमें काम पर असर पड़ा है। हल्द्वानी में 18 सर्किल है और नौ पटवारी है। पटवारियों ने अतिरिक्त कार्यभार लेने से इंकार किया है ऐसे में नौ सर्किल में काम काज पूरी तरह ठप है।
पुराने लंबित मामलों का तेजी से निबटारा किया जा रहा है। पूर्व में रजिस्ट्रार कानूनगो की हड़ताल से प्रकरण लंबित थे उन्हें वरीयता के आधार पर निबटाया जा रहा है। अब पटवारियों ने अतिरिक्त सर्किल के चार्ज लेने से इंकार कर दया है। ऐसे में बाकी सर्किल में कामकाज पर असर पड़ रहा है। – संजय कुमार, तहसीलदार हल्द्वानी
