लखीमपुर-खीरी: बेलरायां में बच्ची को अगवा करने की कोशिश, इलाके में दहशत का माहौल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली तिकुनिया क्षेत्र के कस्बा बेलरायां में शनिवार की देर शाम घर से बाहर गायों को भगाने निकली दस साल की बालिका को बाइक सवार दो युवकों ने पकड़ लिया और उसे अगवा कर ले जाने की कोशिश की। बालिका के शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर रेलवे स्टेशन की तरफ भाग …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली तिकुनिया क्षेत्र के कस्बा बेलरायां में शनिवार की देर शाम घर से बाहर गायों को भगाने निकली दस साल की बालिका को बाइक सवार दो युवकों ने पकड़ लिया और उसे अगवा कर ले जाने की कोशिश की। बालिका के शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर रेलवे स्टेशन की तरफ भाग गए। सूचना पर पहुंची बेलरायां चौकी पुलिस ने बालिका से पूछताछ की। बालिका के पिता ने घटना की तहरीर चौकी पुलिस को दी है।

कस्बा बेलरायां निवासी पप्पू यादव का कस्बे के मुख्य रेलवे स्टेशन रोड पर मकान है। शनिवार की शाम उनकी दस साल की पुत्री अनन्या यादव गायों को भगाने के लिए घर के बाहर निकली थी। वह गायों को भगा रही थी। इसी बीच दो युवक बाइक से आ गए। अनन्या ने बताया कि एक युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया, जबकि दूसरे युवक ने उसके मुंह पर कपड़ा बांधने की कोशिश की। उसके चिल्लाने पर किसी के हट हट करने की आवाज आई।

इस पर दोनों युवकों ने उसे छोड़ दिया और तेज रफ्तार बाइक लेकर रेलवे स्टेशन की तरफ भाग निकले। बेटी अनन्या ने बताया जिस समय घटना हुई। उस वक्त बिजली नहीं थी। काफी अंधेरा था, इसलिए वह यह नहीं देख पाई की दोनों युवक किस तरह के कपड़े पहने हुए थे। बेटी अनन्या घटना के बाद काफी डरी सहमी है। उसका परिवार भी दहशत में है। घटना के बाद मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर बेलरायां पुलिस चौकी प्रभारी बलराम सिंह यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने अनन्या से घटना को लेकर जानकारी ली। उससे युवकों की हुलिया भी पूछी। पिता पप्पू यादव ने अज्ञात बाइक सवार दो लोगों के खिलाफ चौकी पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

अपहरण की कोशिश से कस्बे में दहशत का माहौल
कस्बा बेलरायां में दस साल की बालिका का अपहरण करने का प्रयास होने की जानकारी जब कस्बे के लोगों में हुई तो उनमें दहशत व्याप्त हो गई। लोगों का कहना है की कस्बे में इस तरह की पहली वारदात है। घटना के बाद से अभिभावक बेटियो की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे हैं। बेटियां भी डरी सहमी है।

बालिका के घर के सामने सड़क पर कई गायें आ गईं थी। इसी बीच युवकों की बाइक से बालिका को धक्का लग गया था। बालिका के चिल्लाने पर डरकर युवक भाग गए। बेलरायां चौकी इंचार्ज ने युवकों की तलाश की थी, लेकिन वह नहीं मिले। अभी मामले की जांच की जा रही है।- राजू राव प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली तिकुनियां

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: दो वर्ष बाद लगेगा भूतनाथ का मेला, उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब

 

 

संबंधित समाचार