जसपुर: महंत और शिष्य को पिलाया नशीला पदार्थ
जसपुर, अमृत विचार। गांव तीरथ नगर भोगपुर डाम के प्राचीन शिव मंदिर के महंत और उनके शिष्य को रात्रि में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर बदमाश आश्रम में रखे चंदे के करीब डेढ़-दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने महंत और उनके शिष्य को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। …
जसपुर, अमृत विचार। गांव तीरथ नगर भोगपुर डाम के प्राचीन शिव मंदिर के महंत और उनके शिष्य को रात्रि में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर बदमाश आश्रम में रखे चंदे के करीब डेढ़-दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने महंत और उनके शिष्य को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम तीरथ नगर भोगपुर डाम स्थित प्राचीन शिव मंदिर के आश्रम में लगभग 50 वर्षों से जयानंद महाराज (70) रहते हैं। उनके साथ उनके शिष्य चंद्रपाल सिंह (45) भी रहते हैं। शनिवार शाम आश्रम में दो अजनबी व्यक्ति रास्ता भटकने का बहाना बनाकर आए। उन्होंने मंदिर के महंत से कहा कि वे जंगल में रास्ता भटक गए हैं।
उन्हें जंगल के रास्ते से रामनगर जाना है। महंत ने उन्हें जंगली जानवरों के भय के कारण रात में न जाने की सलाह दी और आश्रम में रुकने को कहा। इस पर वे दोनों मंदिर में ही रुक गए। महंत के कहने पर शिष्य ने भोजनशाला में जाकर उनके लिए चाय बनाई। वे दोनों भी शिष्य के साथ भोजनशाला में चले गए।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने मौका देखकर महंत और उनके शिष्य की चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया। जिसके पीने से महंत और शिष्य दोनों बेहोश हो गए। गुरु और शिष्य दोनों के बेहोश होने पर आश्रम के भंडार के कमरे का ताला तोड़कर आश्रम में रखे दान के डेढ- दो लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
घटना का पता सुबह को उस समय चला जब भक्त मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे और उनहोंने आश्रम के भंडार का ताला टूटा देखा और महंत तथा उनके शिष्य को बेहोश पड़ा देखा। उन्होंने दोनों को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉ. विद्याभूषण ने बताया कि महंत की हालत गंभीर बनी हुई हे।
