हल्द्वानी: चाचा की अर्थी से लौट रहे दोस्त हादसे का शिकार, एक की मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। चाचा की अर्थी से लौट रहा बाइक सवार भतीजा और उसका दोस्त हादसे का शिकार हो गए। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जबकि पोस्टमार्टम के …
हल्द्वानी, अमृत विचार। चाचा की अर्थी से लौट रहा बाइक सवार भतीजा और उसका दोस्त हादसे का शिकार हो गए। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जबकि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
मूलरूप से देवरिया कला भीसलपुर पीलीभीत निवासी संजीव और पप्पू (42) पेशे से टुकटुक चालक हैं और हल्द्वानी में समता आश्रम गली में रहते हैं। पुलिस के मुताबिक संजीव और पप्पू कांवड़ लेकर हरिद्वार गए थे और चार अगस्त की सुबह लौटे थे।
इसी बीच पीलीभीत में संजीव के चाचा की मृत्यु हो गई और दोनों चाचा की अंतिम यात्रा में शामिल होने चले गए। रविवार को दोनों बाइक से वापस लौट रहे। वह अभी चोरगलिया थाने के पास पहुंचे थे और बाइक की रफ्तार बेहद तेज थी। सड़क के एक कर्व पर तेज रफ्तार बाइक मोड़ नहीं काट सकी और सड़क किनारे लोहे से पैराफिट से टकरा गई।
हादसे में पप्पू का सिर लोहे के पैराफिट से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चोरगलिया थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर रवाना किया गया और दोनों को एसटीएच भेजा गया। जहां पप्पू को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि संजीव की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
