रुद्रपुर: भाजपा नेता के भाई के घर से लाखों की चोरी
रुद्रपुर, अमृत विचार। सोमवार रात अज्ञात चोरों ने ग्राम भूरारानी स्थित सरस्वती कॉलोनी में गृहस्वामी की गैर मौजूदगी में बंद घर की खिड़की की ग्रिल तोड़ बंदूक सहित लाखों का सामान चोरी कर लिया। सुबह पड़ोसियों ने गृहस्वामी के बड़े भाई को चोरी की सूचना दी। गृहस्वामी भाजपा के वरिष्ठ नेता के छोटे भाई है। …
रुद्रपुर, अमृत विचार। सोमवार रात अज्ञात चोरों ने ग्राम भूरारानी स्थित सरस्वती कॉलोनी में गृहस्वामी की गैर मौजूदगी में बंद घर की खिड़की की ग्रिल तोड़ बंदूक सहित लाखों का सामान चोरी कर लिया। सुबह पड़ोसियों ने गृहस्वामी के बड़े भाई को चोरी की सूचना दी। गृहस्वामी भाजपा के वरिष्ठ नेता के छोटे भाई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। वहीं पुलिस ने पूछताछ के लिए कॉलोनी के सुरक्षा गार्ड को भी हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार भाजपा के वरिष्ठ नेता भारत भूषण चुघ के छोटे भाई सरस्वती कॉलोनी निवासी मनीष चुघ बीते दिनों अपनी पत्नी परिधि व पुत्र सिद्धार्थ के साथ सिंगापुर घूमने गये थे। उनकी गैर मौजूदगी में सोमवार रात अज्ञात चोर वहां पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने मुख्य दरवाजा खोलना चाहा। लेकिन वह नहीं खुला तो उन्होंने कमरे की खिड़की की ग्रिल तोड़ दी और शीशा निकालकर घर के भीतर जा घुसे। जिसके बाद चोरों ने घर खंगाला और सामान समेटकर भाग निकले। अगले दिन सुबह जब कॉलोनी के लोगों ने मनीष के घर की खिड़की की ग्रिल टूटी देखी तो उन्होंने इसकी जानकारी उनके बड़े भाई भारत भूषण चुघ को दी।
सूचना मिलते ही चुघ परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कमरे की अलमारी व पलंग आदि खुले हुए हैं और सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा हुआ है। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही हल्का प्रभारी एसआई महेश कांडपाल पुलिसकर्मियों के साथ वहां पहुंचे।
उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। चुघ ने बताया कि उनका भाई मनीष परिवार सहित विदेश गया है। उसे मामले की जानकारी दे दी गई है। उनका कहना था कमरे में रखी मनीष की बंदूक गायब है और घर से चोर कितना अन्य सामान चोरी कर ले गये हैं, इसकी पूरी जानकारी मनीष के वापस लौटने पर ही मिल सकेगी।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ ही कॉलोनी के सुरक्षा गार्ड को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि चोरी हुए सामान की सही जानकारी गृहस्वामी के वापस लौटने पर पता चल सकेगी। फिलहाल पुलिस सीसीवीटी कैमरे देख चोरों को पता लगाने में जुट गई है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जायेगा।
