हल्द्वानी: लाइसेंस नहीं लिया तो नपेंगे लकड़ी कारोबारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शासनादेश जारी होने के बावजूद आठ महीने से बिना लाइसेंस के चल रहे लकड़ी के कारोबार को लेकर अब मंडी समिति सख्ती करने का दावा कर रही है। बिना लाइसेंस के कारोबारी शुल्क जमा किए बगैर लकड़ी बेचते हैं तो उन्हें आर्थिक दंड वसूला जाएगा। इसके लिए मंडी की सचल दल को …

हल्द्वानी, अमृत विचार। शासनादेश जारी होने के बावजूद आठ महीने से बिना लाइसेंस के चल रहे लकड़ी के कारोबार को लेकर अब मंडी समिति सख्ती करने का दावा कर रही है। बिना लाइसेंस के कारोबारी शुल्क जमा किए बगैर लकड़ी बेचते हैं तो उन्हें आर्थिक दंड वसूला जाएगा।

इसके लिए मंडी की सचल दल को सक्रिय किया गया है। साथ ही लकड़ी की खरीद फरोख्त व गोदामों पर भी निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। सोमवार को कारोबारियों के साथ बैठक भी हो सकती है, जिसमें लाइसेंस को लेकर सख्ती के साथ ही अन्य मामलों में चर्चा की जा सकती है। पिछले साल 19 दिसंबर को जीओ जारी होने के बाद मंडी समिति परिसर के अंदर ही नहीं, क्षेत्रांतर्गत हर लकड़ी कारोबारी को लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया गया था।

जीओ जारी हुए आठ महीने बीतने के बावजूद बहुत कम ही व्यापारियों ने लाइसेंस में दिलचस्पी दिखाई। अधिकांश व्यापारियों ने बिना लाइसेंस के ही अपने कारोबार को जारी रखा। बिना शुल्क जमा किए कारोबार भी खूब जारी रहा। लगातार मंडी समिति के राजस्व का चूना लगा रहे अब इन कारोबारियों पर मंडी समिति अधिकारियों ने सख्ती का मन बना लिया है।

सचिव दिग्विजय देव सिंह ने बताया कि बिना लाइसेंस के लकड़ी का कारोबार चलता है तो वह कार्रवाई के दायरे में आएगा। उससे उचिव आर्थिक दंड वसूला जाएगा। इसको लेकर कारोबारियों से बात भी की जाएगी। जिससे उनकी समस्याओं को भी समझा जा सके। शासन के निर्देशानुसार ही आगे की कार्रवाई होगी।

संबंधित समाचार