हल्द्वानी: दो सप्ताह बाद 27 अगस्त को लगेगा शनि हाट बाजार, अराजकतत्वों को मेयर ने दी चेतावनी
हल्द्वानी, अमृत विचार। बरेली रोड शनिबाजार स्थल पर दो सप्ताह बाद शनिवार को साप्ताहिक हाट बाजार लगाई जाएगी। इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने ठेकेदार को बाजार लगाने की अनुमति दे दी है। वहीं मेयर डॉ. जोगेन्द्र सिंह रौतेला ने हाट बाजार में अराजकता करने वालों को सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। बरेली रोड शनिबाजार स्थल पर दो सप्ताह बाद शनिवार को साप्ताहिक हाट बाजार लगाई जाएगी। इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने ठेकेदार को बाजार लगाने की अनुमति दे दी है। वहीं मेयर डॉ. जोगेन्द्र सिंह रौतेला ने हाट बाजार में अराजकता करने वालों को सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को मेयर डॉ. रौतेला, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह व नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने निगम अधिकारियों व पुलिस टीम के साथ शनिबाजार स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही स्थल पर जगह-जगह फैली गंदगी को जेसीबी की मदद से साफ करवाया। इस दौरान मेयर रौतेला ने कहा कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर शनिवार को हाट बाजार का संचालन नगर निगम ठेकेदार द्वारा किया जायेगा। बाजार का संचालन शनिबाजार ग्राउंड पर ही होगा, बाहर सड़क पर रेहड़ी व फड़ नहीं लगने दिये जायेंगे। शनिबाजार स्थल तक व्यापारियों व लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन से आवागमन सुचारू बनाने का अनुरोध किया गया है।
मेयर ने कहा कि बाजार में अराजकता कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। यदि किसी ने भी अराजकता फैलाई तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लायी जायेगी। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि निगम ने 19 महीने के लिए शनि बाजार का ठेका कर दिया है। शनिवार से अनुबंधित ठेकेदार द्वारा बाजार संचालित किया जायेगा। शुल्क की वसूली नगर निगम के निर्धारित दर से ही की जायेगी। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन, कर अधीक्षक महेश पाठक, बनभूलपुरा थाना प्रभारी नीरज भाकुनी मौजूद रहे।
