कानपुर: जगन्नाथ रथयात्रा कमेटी के संयोजकों पर दर्ज हुआ मुकदमा, जानें मामला
कानपुर। भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा के छह संयोजकों के खिलाफ बादशाहीनाका थाना में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मुकदमा कुछ मजदूरों ने दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि उनसे मंदिर की रंगाई पुताई के साथ ही अन्य काम कराए गये। बार- बार मांगे जाने …
कानपुर। भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा के छह संयोजकों के खिलाफ बादशाहीनाका थाना में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मुकदमा कुछ मजदूरों ने दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि उनसे मंदिर की रंगाई पुताई के साथ ही अन्य काम कराए गये। बार- बार मांगे जाने के बाद भी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। मजदूरों ने एसीपी कलक्टरगंज से शिकायत की थी। इसके बाद यह मुकदमा दर्ज हुआ है।
पटकापुर के पेटिंग कारीगर लाला ने मंदिर में रंगाई पुताई का 9500 रुपए की मजदूरी बकाया होने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही बादशाहीनाका के पेंट दुकानदार अंशू का कहना है कि उसके यहां से 18 हजार 450 रुपये का पेंट गया था जिसका अब तक भुगतान नहीं मिला। पटकापुर के रहने वाले बेचेलाल का आरोप है कि उसने जगन्नाथ स्वामी मंदिर में रंगाई पुताई का कार्य किया था। 14 हजार 400 रुपये मजदूरी उसे आज तक नहीं दी गई।
संयोजक ज्ञानप्रकाश गुप्ता और मोहनलाल गुप्ता से कई बार मजदूरी की मांग की तो उन्होंने आनाकानी की। बार- बार मांगने पर उन्होने देने से इन्कार कर दिया। शतरंजी मोहाल के स्वदेशी बैंड संचालक ने बैंड का भुगतान न करने का आरोप लगाया है तो वहीं शुक्लागंज निवासी हलवाई अवध कुमार का आरोप है कि उसने कारीगरों के साथ भंडारे का प्रसाद तैयार किया था। इसके लिए अभी तक 97 सौ रुपये बकाया है। लाठीमोहाल के रिंकू निगम का आरोप है कि उसने जनरेटर, डेकोरेशन का काम किया था।
इसका 25 हजार रुपये बकाया है। पीड़ितों की तहरीर पर एसीपी कलक्टरगंज शिखर ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। ज्ञानप्रकाश गुप्ता का कहना है कि भगवान जगन्नाथ रथयात्रा कमेटी में वह महामंत्री और मोहनलाल गुप्ता अध्यक्ष हैं। भुगतान की जिम्मेदारी कोषाध्यक्ष की है। बादशाहीनाका थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर ली गई है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: सीजेएम कोर्ट ने एसडीओ और जेई पर मुकदमा दर्ज करने का दिया आदेश, जानें पूरा मामला
