नैनीताल में 120वें नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां जोरों पर, एक सितंबर को कदली वृक्ष लाने ज्योलीकोट रवाना होंगे श्रद्धालु
नैनीताल, अमृत विचार। एक से सात सितंबर तक राम सेवक सभा द्वारा आयोजित नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां चरम पर हैं। मेले में 650 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। इसमें 50 दुकानें स्वयं सहायता समूहों को निशुल्क दी जा रही हैं। जबकि बाकी 600 दुकानों में देश के अलग-अलग राज्यों से लोग अपने …
नैनीताल, अमृत विचार। एक से सात सितंबर तक राम सेवक सभा द्वारा आयोजित नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां चरम पर हैं। मेले में 650 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। इसमें 50 दुकानें स्वयं सहायता समूहों को निशुल्क दी जा रही हैं। जबकि बाकी 600 दुकानों में देश के अलग-अलग राज्यों से लोग अपने उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे। मनोरंजन के लिए झूले, मौत का कुआं, गोल चरखा, ब्रेक डांस, मोटर साइकिल झूला, मिक्की माउस, जम्पिंग बॉल, ड्रेगन ट्रेन, हंटर हाउस स्थापित किए जा रहे हैं।

कोविड के चलते दो वर्षों बाद हो रहे 120वें नंदा देवी महोत्सव में काफी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके चलते जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। एसएसपी पंकज भट्ट ने कहा है कि सुरक्षा के मद्देनजर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे सहित पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। मंदिर में दर्शन के लिए सीनियर सिटीजन व दिव्यांगों के लिए अलग से लाइन बनाई जाएगी।
डीएम धीराज गर्ब्याल ने कहा कि इस बार मेले में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसके लिए महोत्सव के आयोजक रामसेवक सभा के साथ मिलकर जिला प्रशासन द्वारा लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। मेले में आने वाले लोगों के लिए पीने के पानी की तथा शौचालयों की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए परिवहन की व्यवस्था की जा रही है। पूरे शहर को लाइटों से सजाया जा रहा है।
रामसेवक सभा महासचिव जगदीश बवाड़ी ने बताया कि एक सितंबर को मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट मेले का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद करीब एक दर्जन लोगों का दल कदली वृक्ष लेने के लिए ज्योलीकोट रवाना होगा। दो सितंबर को कदली वृक्ष को नगर में भ्रमण के बाद नैना देवी मंदिर में रखा जाएगा। यहां पर कदली वृक्ष से मां नंदा सुनंदा की मूर्ति का निर्माण किया जाएगा।
