अयोध्या: मामूली विवाद में हुआ था कत्ल, चार गिरफ्तार और दो फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। चर्चित अतुल खरे हत्याकाण्ड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है, पुलिस ने हत्यारोपी चार आरोपियों को जहां गिरफ्तार कर लिया है वहीं दो अभियुक्तों को पकड़ने के लिए सम्भावित ठिकानों पर दबिश डाली जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह हत्या पूर्व नियोजित नहीं थी। शराब का नशा वारदात का कारण …

अयोध्या। चर्चित अतुल खरे हत्याकाण्ड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है, पुलिस ने हत्यारोपी चार आरोपियों को जहां गिरफ्तार कर लिया है वहीं दो अभियुक्तों को पकड़ने के लिए सम्भावित ठिकानों पर दबिश डाली जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह हत्या पूर्व नियोजित नहीं थी। शराब का नशा वारदात का कारण बना।

पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि वारदात के चौबीस घंटे के भीतर पुलिस ने अतुल खरे हत्याकाण्ड का अनावरण करते हुए आलाए कत्ल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अभी भी दो आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी 33 वर्षीय आदित्य उर्फ शानू पुत्र स्व. कृष्ण कुमार सैनी, 19 वर्षीय राहुल रावत पुत्र रामजीत रावत, 42 वर्षीय राजीत राव पुत्र रामरतन राव निवासीगण मोहल्ला मिर्जाअली बाजार थाना कैंट व बृजपाल मौर्य उर्फ पल्लू पुत्र रामजी मौर्य निवासी मोहल्ला नहरबाग थाना कोतवाली नगर शामिल हैं। आरोपियों के पास से एक कार फोर्ड डीएल 10 सीएफ 1640, सब्जी काटने का एक चाकू, एक माचिस, एक प्लास्टिक की बोतल बरामद की गई है।

पत्रकार वार्ता में सीओ सिटी अरविन्द चौरसिया ने हत्याकाण्ड की क्रमवार जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी आदित्य उर्फ शानू से कार खड़ी करने को लेकर एमआर अतुल खरे से हल्का विवाद हुआ था। अतुल खरे ने अपने घर जाने वाले मार्ग पर गाड़ी खड़ी करने से मना किया था। वारदात के दिन अतुल खरे आदित्य उर्फ शानू के घर शराब पीने के लिए चले गए। उन लोगों ने एक बोतल शराब पी डाली। फिर राहुल रावत को दूसरी बोतल शराब लाने के लिए भेजा गया।

दूसरी बोतल शराब अभी शुरू ही हुई थी कि तभी गाड़ी खड़ी करने को लेकर अतुल खरे और शानू में पुनः विवाद शुरू हो गया। सभी नशे में थे। इसी बींच वहां मौजूद मिथिलेश नामक युवक ने खाली शराब की बोतल गुस्से में अतुल खरे के सिर पर मार दी। इससे खून निकलने लगा। अतुल खरे ने इसका विरोध किया और गाली गलौच शुरू हो गई।

इसके बाद एक युवक ने सब्जी काटने वाले चाकू का प्रहार अतुल खरे के गले पर कर दिया। वही चाकू शानू ने उठा कर अतुल खरे के गले में घोंप दिया। इससे उसकी मौत हो गई। खून बहने लगा तो कमरे में रखा आटा खून बंद करने के लिए युवकों ने अतुल खरे को लगा दिया। वारदात स्थल आदित्य उर्फ शानू जो उद्यान विभाग में लिपिक हैं के घर के कमरे में था। वहां अकसर तमाम युवक एकत्र होकर मांस मदिरा का सेवन करते थे।

सीओ सिटी ने बताया कि अतुल खरे के मर जाने के बाद सभी के होश उड़ गए। इधर सूचना मिलने के बाद पुलिस ने लापता अतुल खरे को खोजना शुरू किया। अतुल खरे का मोबाइल फोन साहबगंज मोहल्ला से एक युवक के पास से बरामद हुआ। उसने बताया कि उसे मोबाइल फोन पड़ा हुआ मिला है। लाश को ठिकाने लगाने के लिए मृतक के घर से ही चादर लाई गई और शव को गठरी बनाया गया।

रात गहरा जाने के बाद जब सन्नाटा पसर गया तो युवकों ने शव को शानू के कमरे से उठाया और लगभग 100 मीटर दूर स्टार बेकरी के सामने सन्नाटे वाले स्थान पर ले जाकर रख दिया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। सीओ सिटी ने बताया कि स्टार बेकरी के सीसीटीवी को जब चेक किया गया तो वह खराब निकला। इधर शानू के घर पर भी सीसीटीवी कैमरा लगा दिखाई पड़ा परन्तु डीपीआर गायब था। इसमें फुटेज रिकार्ड किए जाते हैं।

मोबाइल फोन से जब पुलिस ने शानू से सम्पर्क किया तो उसने बताया वह रुदौली गया है और कम्प्यूटर का डीपीआर उसके पास है। पुलिस ने घेराबंदी करके शानू, राहुल और रामजीत को गिरफ्तार कर लिया। चौथे आरोपी बृजपाल उर्फ पल्लू चला गया था। उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सीओ सिटी ने बताया कि दो अन्य आरोपी मिथिलेश और वेदपाल अभी भी फरार हैं।

संबंधित समाचार